
नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमरनाथ यात्रा के शुभारंभ पर देशवासियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि बाबा बर्फानी के पावन धाम की अमरनाथ यात्रा हमारी सनातन आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का जीवंत प्रतीक हैl प्रधानमंत्री ने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, मंगलमय और पुण्यदायी हो।
उन्होंने कामना की कि यह पावन यात्रा प्रत्येक शिवभक्त के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करे। प्रधानमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए पाँच संकल्पों सेवा, स्वच्छता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित का उल्लेख करते हुए कहा कि ये संकल्प सभी को अपने कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का स्मरण कराते हैं। अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री ने बाबा बर्फानी से सभी श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना करते हुए “हर-हर महादेव” का उद्घोष किया।