रायपुर : राजधानी की सड़कों पर बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा टिकरापारा इलाके में हुई चाकूबाजी की वारदात से लगाया जा सकता है। सड़क पर गलत तरीके से बाइक चलाते युवकों को टोकना एक युवक को इतना भारी पड़ गया कि उसे अपनी जान पर बन आई। मामूली समझाइश से भड़के दो युवकों ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की, फिर चाकू निकालकर युवक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में लहूलुहान युवक सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र की चौरसिया कॉलोनी स्थित मानसपुरम रोड का है। शेख अयाज अपनी बाइक से गुजर रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक गलत तरीके से वाहन चलाते हुए वहां से निकले। उनकी लापरवाही देखकर अयाज ने उन्हें बाइक ठीक से चलाने की समझाइश दे दी। लेकिन सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाने की यह नसीहत दोनों युवकों को नागवार गुजर गई।

समझाइश नहीं आई रास, कर दिया चाकू से हमला

बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने कुछ दूर आगे जाकर अयाज को रुकवाया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इसी बीच एक आरोपी ने चाकू निकाल लिया और अयाज पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से युवक संभल भी नहीं पाया और गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। खून से लथपथ अयाज को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

दो दिन में दूसरी वारदात, इलाके में दहशत

हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। खास बात यह है कि इसी इलाके में दो दिन पहले भी चाकूबाजी की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल टिकरापारा पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।