नई दिल्ली। पिछले कुछ समय से बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के बावजूद सलमान खान अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। साल 2026 और 2027 के लिए उनके पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं, जिनमें सबसे ज्यादा सुर्खियां साउथ निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की पैन इंडिया फिल्म SVC 63 बटोर रही है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के एक्शन सीक्वेंस को भव्य बनाने के लिए मेकर्स ने 'धुरंधर' में काम कर चुकी कोरियन एक्शन टीम को जोड़ा है।

'धुरंधर' की कोरियन एक्शन टीम हुई शामिल
रिपोर्ट्स के अनुसार, निर्देशक वामशी पेडिपल्ली ने फिल्म के हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस तैयार करने के लिए कोरियन एक्शन डायरेक्टर मिस्टर ओह और उनकी टीम को शामिल किया है। बताया जा रहा है कि यही टीम पहले 'धुरंधर', 'किल' और 'वॉर 2' जैसी फिल्मों के एक्शन डिजाइन पर भी काम कर चुकी है।  यह जानकारी सही साबित होती है, तो दर्शकों को सलमान खान का एक नया और बड़े पैमाने का एक्शन अवतार देखने को मिल सकता है।

नयनतारा के साथ पहली बार बनेगी जोड़ी
फिल्म में सलमान खान पहली बार दक्षिण भारतीय अभिनेत्री नयनतारा के साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। यह जोड़ी पहले कभी किसी फिल्म में साथ नहीं दिखी है, जिसके चलते इस प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।

अप्रैल से शुरू हो चुकी है शूटिंग
फिल्म SVC 63 की शूटिंग 18 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। निर्देशक वामशी पेडिपल्ली ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर मुहूर्त क्लैप की तस्वीर और बाद में सेट से एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें सलमान खान और नयनतारा की झलक देखने को मिली थी।

2027 की ईद पर रिलीज की तैयारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स इस एक्शन ड्रामा फिल्म को ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। इसके अलावा सलमान खान अपूर्व लाखिया की देशभक्ति फिल्म 'मातृभूमि' और एक सुपरहीरो प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहे हैं। फिलहाल, फिल्म को लेकर आधिकारिक तौर पर एक्शन टीम की विस्तृत घोषणा नहीं की गई है, लेकिन रिपोर्ट्स के बाद सलमान खान के प्रशंसकों के बीच इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह काफी बढ़ गया है।