बिलासपुर : सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी और नशाखोरी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया।

क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने नयापारा, गणेश नगर, तिफरा समेत अन्य इलाकों में निगरानी और चेकिंग बढ़ाई थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल छह लोगों को पकड़ा। पूछताछ के बाद सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी और नशाखोरी करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। बीट आरक्षकों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और संदिग्ध स्थानों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रंजीत यादव (22), दिनेश कुर्रे (24), दिनेश खरे (35), देवेन्द्र सूर्यवंशी (20), निलेश खरे (20) और कमलेश सूर्यवंशी (21) को गिरफ्तार किया हैं। इनमें कुछ आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि दिनेश और निलेश खरे अकलतरा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों को दोबारा ऐसी गतिविधियों में शामिल नहीं होने की हिदायत दी है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, अड्डेबाजी या अशांति फैलाने वाले लोगों की जानकारी पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।