बिलासपुर : शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान वार्ड क्रमांक 46 के रहवासियों ने बुधवार को सिरगिट्टी बिजली कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया ।

प्रदर्शनकारियों ने बिना सूचना रोजाना 8 से 9 घंटे की बिजली कटौती तत्काल बंद करने, बिजली आपूर्ति नियमित करने और वास्तविक खपत के अनुसार बिजली बिल देने की मांग की । साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन के साथ चक्का जाम किया जाएगा ।

बिना सूचना रोज 8 घंटे बिजली कटौती 

प्रदर्शन का नेतृत्व गणेश नगर वार्ड 46 के पार्षद इब्राहिम खान ने किया । उन्होंने कहा कि कई महीनों से पूरे वार्ड के लोग अघोषित बिजली कटौती की समस्या झेल रहे हैं । बिना किसी पूर्व सूचना के रोज 8 से 9 घंटे बिजली बंद कर दी जाती है। शिकायत करने पर विभाग के कर्मचारी 15 मिनट में बिजली बहाल होने का आश्वासन देते हैं, लेकिन कई-कई घंटे तक बिजली नहीं आती ।

बच्चे नहीं जा रहे स्कूल 

पार्षद इब्राहिम खान ने कहा कि वार्ड में बड़ी संख्या में बुजुर्ग और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीज रहते हैं, जिनके लिए नियमित बिजली अत्यंत आवश्यक है। बिजली कटने से पानी की आपूर्ति भी बाधित हो जाती है, जिससे लोगों को पीने के पानी और घरेलू कामकाज में भारी परेशानी होती है । महिलाओं को भोजन बनाने में दिक्कत होती है और कई परिवारों में टिफिन तैयार नहीं हो पाने के कारण बच्चों को स्कूल भेजने में भी परेशानी हो रही है ।

जब बिजली अधूरी... तो बिल पूरा क्यूँ ?

उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहा है । विभाग में फोन करने पर कभी कर्मचारियों की कमी तो कभी वाहन में पेट्रोल नहीं होने जैसी बातें कहकर शिकायत टाल दी जाती है । उन्होंने सवाल उठाया कि जब उपभोक्ताओं को पूरी बिजली नहीं मिल रही, तो पूरा बिजली बिल क्यों वसूला जा रहा है ।

मरीज को आराम नहीं, तबीयत लगी बिगड़ने 

प्रदर्शन में शामिल निर्मला मिश्रा ने बताया कि उनके घर में किडनी के मरीज हैं, जिनका सप्ताह में तीन बार डायलिसिस होता है। रोजाना दोपहर और शाम से देर रात तक बिजली बंद रहने के कारण मरीज को आराम नहीं मिल पाता और उनकी तबीयत बिगड़ने लगती है । उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग में शिकायत करने के लिए फ़ोन करने पर कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते।

बड़े आन्दोलन की दी चेतावनी 

प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने, नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और अधिक बिजली बिलों की जांच कर राहत देने की मांग की । रहवासियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन और चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी ।

ख़राब हो गये एसी, फ्रीज़, इन्वर्टर और टीवी

लगातार हो रही बिजली की आवाजाही और बार-बार ट्रिपिंग के कारण कई घरों में एसी, फ्रिज, इन्वर्टर और टीवी जैसे घरेलू विद्युत उपकरण खराब हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इससे पहले भी इसी तरह की समस्या हुई थी, तब उन्होंने अपने खर्च पर सभी उपकरणों की मरम्मत कराई थी। लेकिन बार-बार बिजली की समस्या के चलते इन्वर्टर अब पूरी तरह खराब हो चुके हैं, जबकि एसी, फ्रिज और टीवी भी कई बार ठीक कराए जा चुके हैं। इससे लोगों पर बार-बार मरम्मत का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

जितनी खपत कर रहे उतना बिल आ रहा 

सिरगिट्टी बिजली कार्यालय के असिस्टेंट इंजीनियर ने कहा कि उपभोक्ता जितनी खपत कर रहे हैं उतना ही बिल आ रहा हैं l रहवासियों की बिजली की समस्या के समाधान के लिए काम चल रहा हैं जल्द ही निदान हो जायेगा l