नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपने नाम और पहचान का कथित दुरुपयोग किए जाने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनका आरोप है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किए गए फर्जी फोटो, वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही है, जिससे उनकी छवि प्रभावित हो रही है। याचिका में उन्होंने ऐसे कंटेंट को हटाने के साथ-साथ अपने "पर्सनैलिटी राइट्स" की कानूनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है। मामले की प्रारंभिक सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कोई अंतरिम राहत नहीं दी है। अदालत ने याचिका में तकनीकी कमियों की ओर ध्यान दिलाते हुए सुनवाई स्थगित कर दी और याचिकाकर्ता को आवश्यक दस्तावेज रिकॉर्ड पर रखने के निर्देश दिए।

अदालत ने मांगे विवादित पोस्ट के स्क्रीनशॉट
मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस ज्योति सिंह ने अभिषेक शर्मा के वकील से कहा कि जिन सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो और यूआरएल को चुनौती दी गई है, उनसे जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य जरूरी दस्तावेज रिकॉर्ड पर प्रस्तुत किए जाएं। अदालत ने कहा कि केवल यूआरएल का उल्लेख पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि आपत्तिजनक सामग्री क्या है और उससे किस प्रकार का नुकसान होने का दावा किया जा रहा है। इसके बाद अदालत ने याचिका में आवश्यक संशोधन कर संबंधित साक्ष्य दाखिल करने के निर्देश दिए। मामले की अगली सुनवाई 9 जुलाई को निर्धारित की गई है।

AI से तैयार कंटेंट को लेकर जताई आपत्ति
याचिका के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभिषेक शर्मा से जुड़े कई ऐसे वीडियो और तस्वीरें प्रसारित हुईं, जिनमें कथित तौर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का इस्तेमाल किया गया था। इनमें एक वीडियो विशेष रूप से वायरल हुआ, जिसमें उनकी मैनेजर को उनकी गर्लफ्रेंड बताया गया। अभिषेक का कहना है कि यह दावा पूरी तरह भ्रामक है और ऐसी सामग्री का वास्तविक घटनाओं से कोई संबंध नहीं है। उनके वकील ने अदालत में दलील दी कि इस प्रकार का AI-जनित कंटेंट केवल झूठी जानकारी फैलाता है, बल्कि खिलाड़ी की प्रतिष्ठा और निजता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसलिए ऐसे कंटेंट को हटाने और भविष्य में इस तरह के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए न्यायालय का हस्तक्षेप आवश्यक है।

मेटा की ओर से भी रखा गया पक्ष
सुनवाई के दौरान मेटा की ओर से पेश अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि याचिका में जिन आठ यूआरएल का उल्लेख किया गया है, उनमें से दो लिंक उपलब्ध नहीं थे या उन तक पहुंच संभव नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ सामग्री पैपराजी और अन्य थर्ड पार्टी अकाउंट्स द्वारा अपलोड की गई थी। अदालत अब सभी पक्षों की दलीलें और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर मामले पर आगे विचार करेगी।

इंग्लैंड दौरे पर हैं अभिषेक शर्मा
इस बीच अभिषेक शर्मा भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं, जहां भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 श्रृंखला खेली जा रही है। हाल ही में उन्होंने दूसरे मुकाबले में महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेली थी। अब टीम इंडिया की नजर श्रृंखला के अगले मुकाबले पर है, जबकि दूसरी ओर हाईकोर्ट में उनके पर्सनैलिटी राइट्स और AI से जुड़े विवाद पर कानूनी प्रक्रिया भी जारी है. हाल के वर्षों में AI तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ फर्जी फोटो, वीडियो और डीपफेक सामग्री के मामले तेजी से बढ़े हैं। ऐसे मामलों में सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों द्वारा अदालत का रुख करने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं, जिससे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहचान और निजता की सुरक्षा को लेकर नई कानूनी चुनौतियां सामने आ रही हैं।