नई दिल्ली। भारत और अमेरिका की जांच एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) ने संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन मॉनसून थंडर’ के तहत कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि भारत से अमेरिका तक करीब पांच लाख प्रतिबंधित नशीली गोलियों की सप्लाई की गई थी।

चार शहरों में एक साथ छापेमारी

NCB और DEA की संयुक्त कार्रवाई 4 से 13 नवंबर के बीच की गई। इस दौरान दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता और लखनऊ सहित कई शहरों में छापेमारी की गई। अमेरिकी एजेंसी से मिले खुफिया इनपुट के आधार पर भारतीय नेटवर्क की पहचान कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक यह सिंडिकेट लंबे समय से सीमा पार नशीली दवाओं की सप्लाई में सक्रिय था।

3 हजार पार्सलों से भेजी गईं 5 लाख गोलियां

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच गिरोह ने लगभग 3,000 पार्सलों के जरिए अमेरिका में करीब पांच लाख नशीली गोलियां भेजीं। इनमें ओपिओइड और साइकोट्रोपिक श्रेणी की प्रतिबंधित दवाएं शामिल थीं। NCB ने अमेरिका भेजे जाने वाले 1,500 से अधिक गोलियों वाले पार्सलों की पहचान कर जानकारी DEA के साथ साझा की। इसके बाद अमेरिकी एजेंसी ने दो खेप जब्त कीं।

59 हजार से ज्यादा लोगों का मिला डेटाबेस

जांच के दौरान अधिकारियों को 59 हजार से अधिक संदिग्ध ग्राहकों, खरीदारों और ड्रॉप-शिपर्स से जुड़ा डिजिटल डेटाबेस मिला है। इसमें लेनदेन, डिलीवरी पते, पुराने पार्सलों और USPS ट्रैकिंग आईडी जैसी जानकारियां शामिल हैं। NCB ने यह पूरा डेटाबेस अमेरिकी एजेंसी को सौंप दिया है, ताकि वहां नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चलता था पूरा नेटवर्क

जांच में पता चला कि आरोपी ग्राहकों से संपर्क और ऑर्डर लेने के लिए टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते थे। वहीं, ग्राहकों और पार्सलों का रिकॉर्ड डिजिटल स्प्रेडशीट में रखा जाता था। अमेरिका में डाक और कूरियर नेटवर्क के माध्यम से खेप पहुंचाई जाती थी।

क्रिप्टोकरेंसी और हवाला से होता था लेनदेन

गिरोह के सदस्य भुगतान के लिए बैंक खातों, UPI, क्रिप्टोकरेंसी, वेनमो और हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल करते थे। जांच एजेंसियां अब पैसों के लेनदेन, असली लाभार्थियों और प्रतिबंधित दवाओं की अंतरराष्ट्रीय खरीद के स्रोतों का पता लगा रही हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तेज दीपक जायसवाल, आरती सोनी, तालाबथुला मनोज, दीपक कुमार तिवारी, अब्दुल मुत्तलिब उर्फ रॉकी उर्फ मोनियो और जसवंत उर्फ यशवंत के रूप में बताई गई है। एजेंसियों की जांच अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय कड़ियों पर केंद्रित है।