बिलासपुर : सर्दियों में घना कोहरा अब ट्रेनों की सुरक्षित रफ्तार के सामने बड़ी चुनौती नहीं बनेगा। दृश्यता कम होने के बावजूद लोको पायलटों को अब अंधेरे और धुंध के बीच आगे आने वाले सिग्नल का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। दपूम रेलवे ने कोहरे के मौसम में सुरक्षित ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करने के लिए तकनीक का सुरक्षा कवच तैयार किया है। इसके तहत बिलासपुर, रायपुर और नागपुर रेल मंडलों को कुल 3657 फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। जीपीएस आधारित यह उपकरण लोको पायलटों को आगे आने वाले सिग्नल, रेलवे स्टेशन, लेवल क्रॉसिंग और अन्य महत्वपूर्ण रेल स्थलों की जानकारी पहले ही दे देगा।

500 मीटर पहले मिलेगा सिग्नल का अलर्ट

इस डिवाइस की सबसे बड़ी खासियत यह है कि घने कोहरे में भी लोको पायलट को अगले निर्धारित सिग्नल की जानकारी करीब 500 मीटर पहले मिल सकती है। उपकरण स्क्रीन पर जरूरी सूचनाएं दिखाने के साथ ऑडियो अलर्ट भी देता है। इतना ही नहीं, रेल मार्ग पर आगे आने वाले तीन निर्धारित सिग्नलों की जानकारी क्रमवार उपलब्ध कराता है। इससे लोको पायलट पहले से सतर्क होकर ट्रेन की गति और परिचालन नियमों के अनुसार जरूरी निर्णय ले सकेंगे।

खोंगसरा-भनवारटंक में कोहरा बड़ी चुनौती

दपूम रेलवे का रेल नेटवर्क केवल मैदानी इलाकों तक सीमित नहीं है। कई रेलखंड घने जंगलों, पहाड़ी क्षेत्रों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों से होकर गुजरते हैं। सर्दियों में इन इलाकों में कोहरा इतना घना हो जाता है कि सिग्नल और रेल मार्ग की दृश्यता प्रभावित होने लगती है। खासकर खोंगसरा और भनवारटंक के आसपास के रेलखंडों में कोहरे के कारण लोको पायलटों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ती है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में फॉग सेफ डिवाइस काफी मददगार साबित हो सकता है।

जीपीएस तकनीक से मिलेगी रास्ते की पूरी जानकारी

फॉग सेफ डिवाइस में लगा एंटीना जीपीएस सिग्नल प्राप्त करता है और इसकी मेमोरी में संबंधित रेल मार्ग का पूरा निर्धारित विवरण पहले से दर्ज रहता है। इसमें रेलवे स्टेशन, सिग्नल, मानवित-अमानवित समपार फाटक और न्यूट्रल सेक्शन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां फीड की जाती हैं। ट्रेन के आगे बढ़ने के साथ यह उपकरण लोको पायलट को आने वाले महत्वपूर्ण स्थलों के बारे में अलर्ट करता रहता है। यानी कोहरे के कारण आंखों से जो जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाती, उसे तकनीक के माध्यम से समय रहते समझने में मदद मिलती है।

18 घंटे का बैटरी बैकअप, कई तरह की ट्रेनों में उपयोग

यह उपकरण सिंगल लाइन और डबल लाइन के साथ विद्युतीकृत तथा गैर-विद्युतीकृत रेलखंडों पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इलेक्ट्रिक और डीजल इंजन के अलावा ईएमयू, मेमू और डेमू ट्रेनों में भी इसका उपयोग संभव है। इसमें 18 घंटे का इन-बिल्ट रिचार्जेबल बैटरी बैकअप दिया गया है। आकार में छोटा, वजन में हल्का और मजबूत होने के कारण लोको पायलट इसे आसानी से अपने साथ रख सकते हैं और इंजन के कैब डेस्क पर इस्तेमाल कर सकते हैं।

तकनीक से मजबूत होगा सुरक्षा का पहरा

रेलवे की यह पहल केवल आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता तक सीमित नहीं है, बल्कि सर्दियों में सुरक्षित रेल परिचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि फॉग सेफ डिवाइस लोको पायलट की सतर्कता और निर्धारित परिचालन नियमों का विकल्प नहीं है, लेकिन कम दृश्यता के दौरान यह एक अतिरिक्त सुरक्षा सहायक के रूप में काम करेगा। इससे कोहरे के बीच सिग्नल और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की जानकारी समय रहते मिलने में मदद मिलेगी और सुरक्षित ट्रेन परिचालन को मजबूती मिलेगी।