
रायपुर। राजधानी रायपुर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुरानीबस्ती थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान एक चालक ने ट्रैफिक पुलिस की टीम के साथ अभद्रता की और रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने स्टॉपर को टक्कर मारकर वाहन भगाने की कोशिश की और इस दौरान यातायात निरीक्षक नवल किशोर कश्यप को भी वाहन से टक्कर मार दी। हादसे में निरीक्षक घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों की हो रही थी जांच
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रायपुर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में यातायात थाना नया बस स्टैंड भाठागांव के निरीक्षक नवल किशोर कश्यप अपनी टीम के साथ कुशालपुर चौक से भाठागांव की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर वाहनों की जांच कर रहे थे।
पुलिसकर्मी सड़क पर स्टॉपर लगाकर आने-जाने वाले वाहनों को रोक रहे थे। इसी दौरान टाटा एस वाहन क्रमांक CG 04 QC 0865 वहां पहुंचा। पुलिस टीम ने चालक को वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों के साथ विवाद शुरू कर दिया।
'हट जाओ, नहीं तो गाड़ी चढ़ा दूंगा'
बताया जा रहा है कि वाहन चला रहे आशीष देवांगन ने चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने पुलिस के लगाए स्टॉपर को वाहन से टक्कर मार दी और तेजी से आगे बढ़ने लगा। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए कहा कि हट जाओ, नहीं तो गाड़ी चढ़ा दूंगा।
आरोपी की इस हरकत से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। इस दौरान निरीक्षक नवल किशोर कश्यप ने वाहन को रोकने के लिए उसका पीछा किया।
वाहन से टक्कर मारकर निरीक्षक को किया घायल
पुलिस शिकायत के अनुसार, आरोपी चालक ने निरीक्षक को चोट पहुंचाने के इरादे से वाहन को लहराते हुए चलाया और उन्हें टक्कर मार दी। इस घटना में निरीक्षक नवल किशोर कश्यप के बाएं टखने, घुटने, जांघ और पीठ में चोटें आईं। घायल निरीक्षक को तत्काल भाठागांव स्थित दीवान मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान और वाहन से संबंधित जानकारी जुटाई। जांच में चालक का नाम आशीष देवांगन सामने आया, जो पुराना चंगोराभाठा स्थित महादेव तालाब के पास का निवासी बताया गया है।
आरोपी के खिलाफ इन मामलों में दर्ज हुआ अपराध
घायल निरीक्षक नवल किशोर कश्यप की शिकायत पर पुरानीबस्ती थाना पुलिस ने आरोपी आशीष देवांगन के खिलाफ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने, चोट पहुंचाने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा का सवाल खड़ा कर दिया है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान इस तरह की हिंसक हरकत न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है।