
बिलासपुर : घर में खराब हुई वॉशिंग मशीन को ठीक कराने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर तलाशना बैंक ऑफ बड़ौदा के एक अधिकारी को इतना महंगा पड़ा कि उनकी जिंदगीभर की कमाई पर साइबर ठगों ने हाथ साफ कर दिया। ठगों ने कंपनी का प्रतिनिधि बनकर पहले भरोसा जीता, फिर वॉट्सऐप पर एपीके फाइल डाउनलोड कराई और इसी के जरिए मोबाइल में सेंध लगा दी। नतीजा यह हुआ कि अधिकारी को भनक तक नहीं लगी और तीन दिनों के भीतर उनके बैंक खाते से 9 लाख 49 हजार 364 रुपए गायब हो गए।
एक कॉल ने खोल दिया ठगी का रास्ता
पुलिस के अनुसार सरकंडा के विवेकानंद नगर मोपका निवासी विपीन किशोर कुजूर (51) बैंक ऑफ बड़ौदा की रहंगी-चकरभाठा शाखा में ज्वाइंट कस्टोडियन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी वॉशिंग मशीन खराब हो गई थी। इसे सुधरवाने के लिए उन्होंने 1 नवंबर को गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया। सर्च के दौरान मिले नंबर पर कॉल करते ही दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति ने खुद को संबंधित कंपनी का प्रतिनिधि बताया। ठग ने शिकायत दर्ज करने और सर्विस प्रक्रिया पूरी करने का झांसा दिया। इसके लिए उसने वॉट्सऐप पर एक एपीके फाइल भेजी और अधिकारी से उसे डाउनलोड करने को कहा। भरोसे में आकर अधिकारी ने फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद उसमें अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर भी दर्ज कर दिया। हालांकि, प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी, लेकिन इसी दौरान साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल तक पहुंच बना ली।
मोबाइल उनके पास, लेकिन कंट्रोल ठगों के हाथ में
एपीके फाइल डाउनलोड होने के बाद ठगों ने मोबाइल को निशाना बनाया। अधिकारी को तत्काल किसी बड़ी गड़बड़ी का अंदाजा नहीं हुआ। कुछ दिनों बाद जब खाते से रकम कटने के मैसेज आने शुरू हुए, तब उन्हें संदेह हुआ। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पूरे खेल का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि 13 से 15 नवंबर के बीच अलग-अलग यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए खाते से कुल 9 लाख 49 हजार 364 रुपए निकाल लिए गए। इसके बाद पीड़ित ने साइबर रेंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गूगल पर दिखने वाला हर नंबर भरोसेमंद नहीं
इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन सर्च के जरिए होने वाली साइबर ठगी के खतरनाक तरीके को उजागर किया है। साइबर ठग कई बार कंपनियों के नाम से मिलते-जुलते फर्जी कस्टमर केयर नंबर इंटरनेट पर डाल देते हैं। जरूरत के समय लोग बिना पुष्टि किए इन नंबरों पर कॉल कर बैठते हैं और ठगों के जाल में फंस जाते हैं।
साइबर एक्सपर्ट प्रभाकर तिवारी ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड न करें। बैंक अधिकारी, कंपनी कर्मचारी या परिचित बनकर कोई ओटीपी, पासवर्ड अथवा बैंक खाते की गोपनीय जानकारी मांगे तो कतई साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से भी बचें। सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी मजबूत रखें और अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर अलग सुरक्षित पासवर्ड इस्तेमाल करें।
एसएसपी की चेतावनी: जल्दबाजी में फैसला लेना पड़ सकता है भारी
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए जल्द फैसला लेने का दबाव बनाते हैं। ऑनलाइन नौकरी, अधिक मुनाफे वाले निवेश, इनाम, गेमिंग और आकर्षक ऑफर के नाम पर पैसे मांगने वालों से सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी ऑफर या कॉल पर भरोसा करने से पहले उसकी वास्तविकता की जांच जरूर करें।
साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता है। याद रखें, कस्टमर केयर के नाम पर आया हर फोन मदद के लिए नहीं होता और मोबाइल पर भेजी गई हर फाइल सामान्य नहीं होती। एक छोटी-सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है।