रायपुर : छत्तीसगढ़ की सियासत में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत अजीत जोगी के पुत्र और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के नेता अमित जोगी को लेकर हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर बनाए गए कथित आपत्तिजनक वीडियो के मामले में अमित जोगी आज खुद सिविल लाइन थाने पहुंच गए और अपनी गिरफ्तारी देने की बात कही। थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में लेकर मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर गर्म हो गया है।

'वोट चोरी' के वीडियो ने खड़ा किया सियासी बवाल

पूरा विवाद उस वीडियो से जुड़ा है, जिसे अमित जोगी ने कथित तौर पर 'वोट चोरी' के मुद्दे पर बनाया था। आरोप है कि वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त के किरदारों को आपत्तिजनक दृश्यों और भाषा के जरिए प्रस्तुत किया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होते ही विवादों में आ गया। इसके बाद भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री और संवैधानिक पद पर बैठे चुनाव आयोग के प्रमुख का अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई। हालांकि विवाद बढ़ता देख अमित जोगी ने कुछ समय बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित वीडियो हटा दिया था। साथ ही माफी मांगते हुए एक अन्य पोस्ट भी साझा किया था। लेकिन तब तक मामला राजनीतिक तूल पकड़ चुका था और भाजपा ने कानूनी कार्रवाई की मांग तेज कर दी थी।

विधायक राजेश मूणत ने की थी लिखित शिकायत

मामले को लेकर भाजपा विधायक राजेश मूणत पार्टी कार्यकर्ताओं और वकीलों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचे थे। उन्होंने अमित जोगी के खिलाफ लिखित शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर आपत्तिजनक दृश्य और भाषा का इस्तेमाल किया गया है। भाजपा नेताओं ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। वीडियो वायरल होने के करीब तीन दिन बाद भाजपा ने इस मामले में औपचारिक रूप से पुलिस के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी।

पुलिस कर रही पूछताछ

भाजपा की शिकायत के बाद अब अमित जोगी खुद सिविल लाइन थाने पहुंच गए हैं। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर वीडियो बनाने के पीछे की परिस्थितियों, सोशल मीडिया पर पोस्ट करने और बाद में उसे हटाने सहित अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। मामले की विवेचना जारी है। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।