बिलासपुर : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन ने उत्कृष्ट पुलिस सेवाओं के लिए बिलासपुर पुलिस को दो महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया । अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, नाबालिगों और समाज के कमजोर वर्गों के खिलाफ होने वाले अत्याचार एवं उत्पीड़न के मामलों में प्रभावी कार्रवाई के लिए बिलासपुर पुलिस ने यह उपलब्धि हासिल की है ।

इस वर्ष शहीद वीर नारायण सिंह पुलिस पुरस्कार से बिलासपुर के अजाक थाना को सम्मानित किया गया । पुरस्कार के तहत थाना को रैंकिंग शील्ड, 50 हजार रुपये नगद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया । वहीं पुलिस महानिदेशक पुरस्कार से अजाक के उप पुलिस अधीक्षक डीआर टंडन को सम्मानित किया गया । उन्हें 25 हजार रुपये नगद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया ।

ये पुरस्कार वर्ष 2025 में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर प्रदान किए गए हैं । एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई, निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचना तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को इसके लिए आधार बनाया गया ।

एसएसपी ने पूरी टीम को किया सम्मानित

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने इस उपलब्धि पर अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तम साहू सहित थाना के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को 5-5 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया । उन्होंने पुलिस टीम के समर्पण और बेहतर कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी बिलासपुर पुलिस के लिए गर्व का विषय है । बिलासपुर पुलिस को लगातार दूसरे वर्ष शहीद वीर नारायण सिंह पुरस्कार मिलना भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है । पिछले वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस को इसी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था ।

कमजोर वर्गों की सुरक्षा पर लगातार जोर

बिलासपुर पुलिस द्वारा एससी-एसटी अत्याचार से जुड़े मामलों में समयबद्ध कार्रवाई, वैज्ञानिक और निष्पक्ष विवेचना, आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है । इसी कार्यप्रणाली का परिणाम है कि पुलिस को राज्य स्तर पर यह सम्मान प्राप्त हुआ ।

एसएसपी रजनेश सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने पुरस्कार मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे बिलासपुर पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय है । उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस बल को और अधिक ईमानदारी, समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगा । उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी बिलासपुर पुलिस आम जनता, विशेषकर कमजोर और वंचित वर्गों की सुरक्षा, न्याय और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी ।

जनता के विश्वास का भी परिणाम

बिलासपुर पुलिस ने इस सम्मान को जिले की जनता के विश्वास और सहयोग का परिणाम बताया । पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और जनहित में बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता से काम करती रहेगी ।