कोरबा SECL Deepka Project Protest: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में SECL की दीपका विस्तार परियोजना को लेकर ग्रामीणों और प्रबंधन के बीच तनाव गहराता नजर आ रहा है। हरदीबाजार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवन को बुलडोजर से तोड़े जाने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आज हरदीबाजार, सराई सिंगार, रेंकी सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग दीपका स्थित SECL के महाप्रबंधक (GM) कार्यालय पहुंच गए। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और अपनी मांगों को लेकर घेराव शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक जमीन अधिग्रहण, मुआवजा, नौकरी और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होता, तब तक अस्पताल भवन को तोड़ने की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए थी। शुक्रवार तड़के भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अस्पताल भवन को गिराया गया था। ग्रामीणों के मुताबिक, यह स्वास्थ्य केंद्र आसपास के कई गांवों के लोगों के इलाज का प्रमुख सहारा था। ऐसे में अस्पताल टूटने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

18 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण पर विवाद, प्रभावित परिवारों ने उठाई 100% मुआवजे की मांग
दीपका विस्तार परियोजना के लिए करीब 18 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण से प्रभावित परिवार मुआवजा निर्धारण और पुनर्वास को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मुआवजा पत्रक में गड़बड़ियां हैं और कई प्रभावित परिवारों को अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि प्रभावितों को 100 प्रतिशत मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही विस्थापित परिवारों के लिए नई बसाहट, बेहतर पुनर्वास और नियमानुसार स्थायी नौकरी की व्यवस्था की जाए।4d87e83b-5aa5-4d90-985b-5b421629f26a_1789805339147.jpg

GM कार्यालय के गेट पर तालाबंदी, विधायक प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व में प्रदर्शन
अस्पताल भवन तोड़े जाने और लंबित मांगों का निराकरण नहीं होने से नाराज ग्रामीण आज एकजुट होकर SECL के GM कार्यालय पहुंचे। यहां प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास के मुद्दों का ठोस समाधान उनकी प्रमुख मांग है।

GM अशोक कुमार ने की बातचीत, मांगों पर अड़े रहे ग्रामीण
प्रदर्शन के दौरान दीपका के GM अशोक कुमार ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। ग्रामीणों का कहना है कि केवल आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि मुआवजा, नौकरी, नई बसाहट और स्वास्थ्य सुविधा को लेकर ठोस पहल जरूरी है।dbgifmagic-2026-09-19t143710435_1789808949.gif

अस्पताल टूटने के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी सवाल
हरदीबाजार CHC भवन के ध्वस्तीकरण के बाद स्थानीय लोगों के सामने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चिंता खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और वहां डॉक्टर की तैनाती हो, ताकि आसपास के गांवों के लोगों को इलाज के लिए भटकना न पड़े। फिलहाल, ग्रामीणों के प्रदर्शन को देखते हुए SECL GM कार्यालय के आसपास पुलिस बल तैनात है। प्रदर्शनकारी धरने पर बैठे हैं और अपनी मांगों के समाधान की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि SECL प्रबंधन और प्रशासन के स्तर पर बातचीत के जरिए इस विवाद का क्या समाधान निकलता है।