
बिलासपुर : अवैध शराब के कारोबार पर रतनपुर पुलिस ने एक बार फिर शिकंजा कसा है। मोटरसाइकिल पर देशी शराब की खेप लेकर जा रहे 12 वर्षीय युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 3200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नीलेश पाण्डेय के नेतृत्व में रतनपुर पुलिस की टीम 1 नवंबर को शराब कोचियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रानीगांव शराब भट्ठी की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में देशी शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम खंडोबा मंदिर के पास मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
40 पाव शराब के साथ बाइक भी जब्त
पुलिस की तलाशी में युवक के पास से 40 पाव देशी प्लेन शराब मिली। कुल 7.2 लीटर शराब की कीमत 3200 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।
21 साल का युवक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिलासपुर जिला, रतनपुर थाना के मोहतराई निवासी ज्योतिष कुमार साहू (21 वर्ष), पिता सालिकराम साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।