बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा: ढाका में बस ड्राइवर को जिंदा जलाया, कई जगह बम धमाके और आगजनी से दहशत
Author: Manishankar PandeyPublished: 10 Nov 2026
ढाका। भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा की घटनाओं ने हालात तनावपूर्ण कर दिए हैं। राजधानी ढाका समेत कई जिलों में बम धमाकों, बसों में आगजनी और पेट्रोल बम हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। उपद्रवियों ने दो यात्री बसों को आग के हवाले कर दिया, जबकि एक अन्य घटना में बस के अंदर सो रहे 60 वर्षीय ड्राइवर को जिंदा जला दिया गया। मृतक की पहचान मोहम्मद कालाचन शेख के रूप में हुई है। लगातार हो रही इन घटनाओं से आम लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने बम लेकर जा रहे लोगों समेत कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
" controls="">
ढाका में दो यात्री बसों को बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को राजधानी ढाका के अलग-अलग इलाकों में उपद्रवियों ने कच्चे बम यानी क्रूड (कॉकटेल) बम फेंके। इसके साथ ही दो यात्री बसों में आग लगा दी गई। पहली घटना शाम करीब 6:40 बजे फार्मगेट मेट्रो स्टेशन के नीचे हुई, जहां लब्बैक परिवहन की एक बस को आग के हवाले कर दिया गया।
इसके बाद रात करीब 9:30 बजे मीरपुर पोस्ट ऑफिस नंबर 11 के पास बसुमती परिवहन की बस में आग लगा दी गई। दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, सार्वजनिक परिवहन को निशाना बनाए जाने से यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल बन गया है।
" controls="">
बस में सो रहे ड्राइवर की जलकर मौत
हिंसा के बीच सबसे दर्दनाक घटना फरीदपुर में सामने आई। यहां उपद्रवियों ने एक बस में आग लगा दी, जिसमें सो रहे 60 वर्षीय ड्राइवर मोहम्मद कालाचन शेख की मौत हो गई। वह गोपालगंज जिले के मुक्सुदपुर उपजिला के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, आग लगने के बाद बस के अंदर धुआं भर गया और दम घुटने से ड्राइवर की जान चली गई। फरीदपुर कोतवाली पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी महमूदुल हसन ने बताया कि ड्राइवर बस के अंदर सो रहे थे, तभी उपद्रवियों ने उसमें आग लगा दी।
फरीदपुर फायर स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी श्रीबास बरई के अनुसार, दमकल विभाग को रात करीब 1:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जब दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे तो बस पूरी तरह आग की लपटों से घिरी हुई थी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
यूनिवर्सिटी के बाहर पेट्रोल बम से हमला
बांग्लादेश के झेनैदाह जिले में भी हिंसा की घटना सामने आई। यहां इस्लामिक यूनिवर्सिटी के करीब 35 छात्रों को लेकर जा रही डबल डेकर बस पर पेट्रोल बम फेंका गया। 'दिगंता' नाम की यह बस यूनिवर्सिटी कैंपस की ओर जा रही थी। इसी दौरान शैल्कूपा उपजिला के ड्रैगन बागान इलाके में हमला किया गया। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
कोर्ट और यूनिवर्सिटी परिसर में भी धमाके
ढाका में साउथईस्ट यूनिवर्सिटी के बाहर दो कच्चे बम फटने की सूचना मिली। वहीं जगन्नाथ यूनिवर्सिटी के दूसरे गेट के पास पार्किंग में भी कॉकटेल बम धमाके की घटना सामने आई। इसके बाद यूनिवर्सिटी के छात्रों ने रेजवान अहमद नाम के एक व्यक्ति को पकड़ लिया। बताया गया कि उसने प्रतिबंधित छात्र लीग से जुड़ा होने का दावा किया था।
इसके अलावा ढाका की चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (CMM) कोर्ट परिसर में भी कथित कॉकटेल बम धमाकों की खबर सामने आई। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
चार बम लेकर जा रहे लोगों समेत कई गिरफ्तार
लगातार हो रही आगजनी और बम धमाकों के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने चार बम लेकर जा रहे लोगों समेत कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल अलग-अलग घटनाओं की जांच की जा रही है।
बांग्लादेश में एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन, शैक्षणिक संस्थानों और न्यायालय परिसर को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने राजधानी ढाका समेत कई इलाकों में भय और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।
Manishankar Pandey
मणिशंकर पांडेय Rashtriya Jagat Pahal के संस्थापक, मालिक एवं प्रबंध संपादक हैं। वे निष्पक्ष, सटीक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका उद्देश्य देश-दुनिया की सच्ची और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना है।