
ढाका: भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में एक बार फिर राजनीतिक तनाव ने हिंसक रूप ले लिया है। राजधानी ढाका समेत देश के कई हिस्सों में बम धमाकों, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं से दहशत का माहौल है। चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को भी उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। वहीं, ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमले की खबर सामने आई है। हिंसा की इन घटनाओं में कम से कम चार लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है।
अवामी लीग के लॉकडाउन के बाद बिगड़े हालात
बांग्लादेश में ताजा हिंसा पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की ओर से देशव्यापी लॉकडाउन के ऐलान के बाद भड़की। पार्टी ने यह बंद पिछले साल उस विशेष ट्रिब्यूनल के फैसले की बरसी पर बुलाया था, जिसमें शेख हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी। हसीना पर जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई में मानवता के खिलाफ अपराध करने का आरोप लगाया गया था।
लॉकडाउन के बीच राजधानी ढाका में सुबह होने से पहले कई स्थानों पर देसी बमों के धमाके हुए। चश्मदीदों के मुताबिक, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद उपद्रवियों ने कई जगह आगजनी और तोड़फोड़ की। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रमुख फ्लाईओवर पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर वाहनों की जांच भी तेज कर दी गई है।
मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में आग
हिंसा की सबसे बड़ी घटनाओं में चटगांव के पंचलाइश इलाके में मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगाया जाना शामिल है। इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को भी निशाना बनाया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यूनुस के घर और बैंक शाखाओं में आग लगाने के पीछे किन लोगों का हाथ है।
अगस्त 2024 में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। उनके कार्यकाल में अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाया गया और पार्टी के हजारों नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई। ऐसे में ताजा हमलों को देश के भीतर जारी राजनीतिक टकराव से जोड़कर देखा जा रहा है।
24 घंटे में 565 गिरफ्तार, पूर्व शिक्षा मंत्री भी हिरासत में
हिंसा और लॉकडाउन के बीच बांग्लादेश पुलिस ने राजधानी ढाका में 24 घंटे के दौरान 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में शेख हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रहे नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार आधी रात के करीब उनके आवास से हिरासत में लिया गया।
वहीं, अखबारों की रिपोर्ट के अनुसार, रात के दौरान अवामी लीग के दो नेताओं के घरों पर हमले किए गए। इन घटनाओं में BNP कार्यकर्ताओं की संभावित भूमिका को लेकर भी आशंका जताई गई है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
तारिक रहमान का शेख हसीना पर आरोप
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग पर देश में अशांति, आगजनी और हत्याओं को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने शेख हसीना पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हिंसा के जरिए 'सीमा पार बैठे अपने आकाओं' को खुश करने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने इस बयान में सीधे भारत का नाम नहीं लिया।
क्या बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना
इस बीच शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। खबरों के मुताबिक, हसीना के वकीलों ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने के लिए दोबारा संपर्क किया है। उन्होंने लंदन स्थित मैट्रिक्स चैंबर्स के बैरिस्टर स्टीवन पाउल्स केसी को अपनी ओर से आवेदन जमा करने के लिए अधिकृत किया है।
बांग्लादेश में लगातार बिगड़ते हालात, राजनीतिक विरोध और हिंसक घटनाओं ने देश की सुरक्षा व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार हालात को किस तरह नियंत्रित करती है और क्या देश में राजनीतिक स्थिरता बहाल हो पाती है।