बस्तर। अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते देश में एलपीजी आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंता के बीच बस्तर जिले में प्रशासन ने गैस की अवैध बिक्री और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बड़ी संख्या में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार बस्तर में खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि दीनदयाल उपाध्याय वार्ड इलाके में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर जमा कर गैस की रिफिलिंग की जा रही है। बताया गया कि यह गतिविधि राउतपारा क्षेत्र में स्थित एक मकान से संचालित हो रही थी। सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अचानक छापेमारी की।
घर में मिला सिलेंडरों का बड़ा भंडार
जांच के दौरान प्रशांत महाजन नामक व्यक्ति के घर में बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर पाए गए। अधिकारियों ने जब इन सिलेंडरों से जुड़े दस्तावेज मांगे तो कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। कार्रवाई के दौरान टीम ने 24 घरेलू एलपीजी सिलेंडर और 10 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए। इसके अलावा सिलेंडरों से गैस निकालकर दूसरे सिलेंडरों में भरने के लिए इस्तेमाल होने वाले 3 रिफिलिंग पाइप भी बरामद किए गए।
कालाबाजारी पर सख्ती
प्रशासन का मानना है कि मौजूदा समय में गैस की मांग और आपूर्ति को लेकर बनी स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग ऊंचे दामों पर एलपीजी बेचने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई दोनों तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आम उपभोक्ताओं को गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।




