बिलासपुर : बच्चों के खेलने के लिए बना मैदान अब कबाड़ गाड़ियों का ठिकाना बन गया है। घरों के आसपास मवेशियों का जमावड़ा और गंदगी से परेशान रहवासियों ने जब इसका विरोध किया तो विवाद गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। राजकिशोर नगर स्थित तुलसी आवास में लंबे समय से चल रहे इस विवाद ने मंगलवार देर रात तूल पकड़ लिया। आक्रोशित मोहल्लेवासी एकजुट होकर सरकंडा थाने पहुंचे और रामकुमार साहू के परिवार के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

खेल मैदान बना कबाड़ गाड़ियों की पार्किंग, बच्चों से छिनी खेलने की जगह

रहवासियों का आरोप है कि कॉलोनी में बच्चों के खेलने के लिए निर्धारित मैदान पर 6-7 कबाड़ गाड़ियां खड़ी कर दी गई हैं। नतीजा यह है कि जिस मैदान में बच्चों की किलकारियां गूंजनी चाहिए थीं, वहां अब कबाड़ गाड़ियों का कब्जा है। मैदान में अतिक्रमण के कारण बच्चों के खेलने की जगह तक नहीं बची है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि कई बार विरोध और शिकायत के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

15-20 साल से अवैध रूप से पाल रहे गाय

रहवासियों ने रामकुमार साहू के परिवार पर करीब 15-20 वर्षों से अवैध रूप से गाय पालने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मवेशियों को खुले में छोड़ दिया जाता है, जिससे वे पूरे मोहल्ले में घूमते रहते हैं। इससे लोगों की गाड़ियों और घरों के बाहर रखे सामान को नुकसान पहुंच रहा है। मवेशियों के कारण जगह-जगह गंदगी फैलने से रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विरोध करने पर मिल रही जान से मारने की धमकी

शिकायत में रहवासियों ने आरोप लगाया है कि मैदान में कबाड़ गाड़ियां खड़ी करने और गाय पालन का विरोध करने पर रामकुमार साहू की बेटी प्रियंका साहू उर्फ छोटी और बेटे रितुराज साहू द्वारा गाली-गलौज की जाती है। विरोध करने वालों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इसी विवाद के चलते मोहल्ले का माहौल तनावपूर्ण होने की बात रहवासियों ने कही है।

निगम आयुक्त, एसएसपी तक लगाई गुहार, नहीं निकला समाधान

मोहल्लेवासियों के मुताबिक, इस समस्या को लेकर वे पहले नगर निगम आयुक्त और एसएसपी से भी शिकायत कर चुके हैं। आरोप है कि नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचती है, नोटिस देकर लौट जाती है, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। मंगलवार देर रात दर्जनों रहवासी सरकंडा थाने पहुंचे। शिकायत पत्र पर सत्या, आराधना, किरण, रीना, चित्रादेवी साहू और सोनू बंजारे सहित कई लोगों के हस्ताक्षर हैं।

पुलिस : जांच के बाद होगी कार्रवाई, निगम ने भी दिया भरोसा

सरकंडा थाना प्रभारी नरेश चौहान ने बताया कि एक पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय ने बताया कि खेल मैदान में अतिक्रमण के मामले में पहले भी कार्रवाई की गई थी। यदि दोबारा कब्जा किया गया है तो फिर से कार्रवाई की जाएगी।