महासमुंद : चार कैदियों के फरार होने की घटना का शोर अभी थमा भी नहीं था कि अब जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे जेल प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और बंदियों की स्वास्थ्य देखभाल की खामियों को उजागर कर दिया है। मृतक की पहचान बिलासपुर के तिफरा स्थित यदुनंदन नगर निवासी सैय्यद अशफाक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह वर्ष 2023 से एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में महासमुंद जिला जेल में निरुद्ध था। बताया जा रहा है कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हार्ट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम से मौत का खुलासा

प्रारंभिक तौर पर चिकित्सकों ने मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई है। हालांकि, यह केवल प्राथमिक अनुमान है। कैदी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, उसे जेल के भीतर कब और कैसी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई और समय पर समुचित उपचार मिल पाया या नहीं यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है।

16 नवंबर को दीवार फांदकर भागे थे चार कैदी

गौरतलब है कि महासमुंद जिला जेल से 16 नवंबर की सुबह करीब चार बजे चार कैदी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए थे। फरार कैदियों में धर्मवीर, लीलाधर और राजेंद्र एनडीपीएस से जुड़े मामलों में बंद थे, जबकि पंचराम चोरी के मामले में जेल में निरुद्ध था। घटना के बाद पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया था। फरार कैदियों की तलाश के लिए पुलिस ने अभियान चलाया। इस दौरान एक आरोपी को सरायपाली इलाके से पकड़ने में सफलता मिली, जबकि बाकी तीन फरार कैदियों की तलाश जारी है।