रायपुर/रांची। देश के सबसे वांछित माओवादी नेताओं में शामिल और करीब 1.5 करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर उर्फ सुनिर्मल को सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड में गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ दो अन्य नक्सलियों को भी हिरासत में लिया गया है। मिसिर बेसरा पर कई राज्यों में माओवादी गतिविधियों का संचालन करने और सुरक्षाबलों पर हुए कई बड़े हमलों की साजिश रचने के आरोप हैं।

55 जवानों की शहादत से जुड़े IED हमले का आरोपी
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मिसिर बेसरा पर झारखंड में हुए उन भीषण IED विस्फोटों की साजिश रचने का आरोप है, जिनमें 55 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए थे। इसके अलावा हत्या, विस्फोट, पुलिस बलों पर हमले, हथियारों की तस्करी और अन्य गंभीर मामलों समेत उसके खिलाफ 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
खुफिया एजेंसियों को सूचना मिली थी कि मिसिर बेसरा अपने दो साथियों के साथ सारंडा, गिरिडीह और पारसनाथ की पहाड़ियों के रास्ते नया ठिकाना तलाश रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षाबलों ने घेराबंदी की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

माओवादी संगठन का शीर्ष रणनीतिकार
मिसिर बेसरा माओवादी संगठन के पोलित ब्यूरो का सदस्य और ईस्टर्न रीजनल ब्यूरो (ERB) का प्रभारी रह चुका है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, वह झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में माओवादी नेटवर्क को मजबूत करने, कैडर प्रशिक्षण, हथियारों की आपूर्ति और रणनीतिक योजनाओं में अहम भूमिका निभाता था।

बस्तर से था गहरा कनेक्शन
जांच एजेंसियों के अनुसार, मिसिर बेसरा का छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से भी गहरा संबंध रहा है। वह दंडकारण्य क्षेत्र में सक्रिय माओवादी इकाइयों और पूर्वी क्षेत्रीय नेटवर्क के बीच समन्वय स्थापित करता था। बस्तर, अबूझमाड़ और महाराष्ट्र सीमा से लगे इलाकों में माओवादी गतिविधियों की कई बड़ी रणनीतियों के पीछे उसकी भूमिका बताई जाती है।

अब संगठन के नेटवर्क पर होगी बड़ी कार्रवाई
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है। उससे पूछताछ के दौरान कई राज्यों में फैले नक्सली नेटवर्क, फंडिंग, हथियारों की सप्लाई और शीर्ष नेतृत्व से जुड़े अहम खुलासे होने की उम्मीद है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां संगठन के अन्य बड़े नेताओं तक पहुंचने के लिए भी अभियान तेज कर चुकी हैं।