
बिलासपुर। शहर के निजी अस्पतालों में बिना सहमति और अवैध तरीके से गर्भपात कराने के दोनों मामलों में सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तलाक के रास्ते से बाधा हटाने के लिए पति ने डॉक्टर के साथ मिलकर पत्नी का 3 माह का गर्भ गिरवा दिया। पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालिका डॉ. उज्वला कराडे के खिलाफ बीएनएस की गैरजमानती धारा 89 और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 860/2026 दर्ज किया है। वहीं, दूसरे मामले में तोरवा पुलिस ने व्यापार विहार स्थित नोबल मेडिकेयर की डॉ. सुब्धा मसीह (43) को एक नाबालिग का अवैध गर्भपात कराने और सबूत मिटाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रूटीन चेकअप के बहाने बेहोश किया, दस्तखत कराकर कर दिया गर्भपात...
सिरगिट्टी क्षेत्र का मामला: कोरबा निवासी सुयश अग्रवाल (24) की शादी 26 अप्रैल को सरसीवा की आकांक्षा अग्रवाल से हुई थी। शिकायत के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही सुयश विवाद करने लगा और तलाक मांगने लगा। इस बीच आकांक्षा 3 माह की गर्भवती हो गई। सुयश को लगा कि बच्चा होने पर कानूनी रूप से तलाक लेना मुश्किल होगा। इसके बाद उसने पत्नी का गर्भपात कराने की योजना बनाई।
अपोलो में बात नहीं बनी, फिर जेपी हॉस्पिटल ले गया
जांच में पता चला कि सुयश ने पहले आकांक्षा को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन वहां गर्भपात नहीं हो सका। इसके बाद 13 नवंबर को वह रूटीन चेकअप का झांसा देकर पत्नी को गणेश नगर स्थित जेपी हॉस्पिटल (मल्टी स्पेशलिटी एंड वूमेन केयर क्लीनिक) ले गया।
बेहोशी में कराए कागजों पर हस्ताक्षर
पीड़िता के बयान के मुताबिक, अस्पताल में पहले उसे बातों में उलझाया गया और फिर अचानक बेहोशी का इंजेक्शन दे दिया गया। बेहोशी की हालत में ही मेडिकल दस्तावेजों पर उसके हस्ताक्षर करा लिए गए और बिना जानकारी के ऑपरेशन कर गर्भपात कर दिया गया।
हार्टबीट कम होने का दिया झांसा
होश आने पर सुयश ने आकांक्षा से कहा कि बच्चे की धड़कन अचानक कम हो गई थी, इसलिए डॉक्टर को आपात स्थिति में गर्भपात करना पड़ा। शक होने पर आकांक्षा 14 नवंबर को अपनी मां संजू अग्रवाल, भाई अमन, मयंक और भाभी रेनू के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंची और लिखित शिकायत की।
ससुराल पक्ष को आरोपी बनाने की मांग
आकांक्षा ने अब आईजी को आवेदन सौंपकर पति के साथ सास, ससुर और ननद को भी आरोपी बनाने की मांग की है। उसका आरोप है कि ससुराल वालों ने उसका मोबाइल छीन लिया था और झूठ बोलकर कोरबा से बिलासपुर लाए थे।
पुलिस की जांच में फोरेंसिक, सीसीटीवी और बैंक खातों पर नजर
सिरगिट्टी पुलिस ने अपोलो अस्पताल और जेपी हॉस्पिटल के मेडिकल रिकॉर्ड जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 13 नवंबर के उन कागजों की जांच हो रही है, जिन पर बेहोशी की हालत में पीड़िता के हस्ताक्षर लिए गए थे। हस्ताक्षर की सत्यता और उस समय मरीज की स्थिति जानने के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट और मेडिकल बोर्ड की राय ली जा सकती है।
पुलिस यह भी खंगाल रही है कि डॉ. उज्ज्वला कराडे और अस्पताल प्रबंधन को आरोपी पति ने कितनी रकम दी थी। इसके लिए बैंक खातों, अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और 13 नवंबर के आसपास की कॉल डिटेल (सीडीआर) की जांच की जा रही है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केवट ने बताया कि आरोपी डॉक्टर को थाने में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। सूचना के बाद भी वह अब तक नहीं पहुंची हैं, जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
नाबालिग का अवैध गर्भपात कर अरपा नदी में फेंका भ्रूण, डॉक्टर गिरफ्तार
तोरवा क्षेत्र का मामला: बुधवारी निवासी गणेश सोनी (30) दिसंबर 2023 से एक नाबालिग के संपर्क में था। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर नाबालिग से लगातार शारीरिक संबंध बनाए। जब नाबालिग गर्भवती हो गई, तो मामला दबाने के लिए आरोपी ने व्यापार विहार के नोबल मेडिकेयर की डॉ. सुब्धा मसीह (43) से संपर्क किया।
जानकारी के बाद भी किया अवैध काम...
परिजनों की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि डॉ. सुब्धा मसीह को पता था कि पीड़िता नाबालिग है। इसके बाद भी उन्होंने बिना कानूनी प्रक्रिया और पुलिस को सूचना दिए गर्भपात कर दिया।
सबूत मिटाने नदी में फेंका भ्रूण
पुलिस की पकड़ से बचने के लिए भ्रूण को अरपा नदी में फेंक दिया गया। तोरवा पुलिस ने पोक्सो एक्ट और साक्ष्य छिपाने के आरोप में डॉ. सुब्धा मसीह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आरोपी डॉक्टर को उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया गया है सूचना के बाद भी अब तक उपस्थित नहीं हुई है। जल्द ही डॉक्टर को गिरफ्तार किया जाएगा।
किशोर केवट थाना प्रभारी सिरगिट्टी.