
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना राजपुर वन परिक्षेत्र के कुंदी कला गांव की है, जहां आज सुबह दल से भटका एक दंतैल हाथी अचानक ग्रामीणों के सामने आ गया। हाथी के हमले में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, दंपति सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान बांधपारा जंगल के पास उनका सामना एक जंगली दंतैल हाथी से हो गया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक हाथी ने दोनों पर अचानक हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह कुचल दिया। घटना इतनी भयावह थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी जान चली गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से कल्याणपुर क्षेत्र में पांच हाथियों का दल घूम रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी दल से अलग हुए दंतैल हाथी ने इस घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी गई है।