बिलासपुर : शहर के सिम्स अस्पताल का मुख्य द्वार उस वक्त विवाद का अखाड़ा बन गया, जब वहां ऑटो खड़ा करने को लेकर एक चालक की सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी से भिड़ंत हो गई। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई और फिर मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। आरोप है कि ऑटो चालक ने टीआई के साथ गाली-गलौज भी की। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अस्पताल के गेट पर हंगामा, वर्दी से ही उलझ गया चालक

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी अपनी टीम के साथ मंगला में हुई चाकूबाजी की घटना की जांच के सिलसिले में सिम्स पहुंचे थे। इसी दौरान अस्पताल के मुख्य गेट के सामने एक ऑटो बेतरतीब तरीके से खड़ा मिला। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक नशे की हालत में हंगामा कर रहा था। अस्पताल के गेट पर अव्यवस्था देख टीआई ने उसे रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन चालक उल्टा पुलिस से ही उलझ पड़ा। देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया। ऑटो चालक टीआई से भिड़ गया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में कैद कर लिया। वायरल वीडियो में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक और हाथापाई जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।

जिस चाकूबाजी की जांच में पहुंचे थे टीआई, उसमें पांच लोग घायल

दरअसल, गुरुवार शाम मंगला में प्रेम विवाह को लेकर पारिवारिक विवाद हिंसक हो गया था। आरोप है कि युवती के पिता और भाई ने युवती, उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी मामले की जांच के लिए टीआई रविशंकर तिवारी पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे थे।

थाने ले गई पुलिस, समझाइश के बाद छोड़ा

मामले में एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि पुलिस टीम चाकूबाजी के मामले की जांच के लिए सिम्स पहुंची थी। इसी दौरान मुख्य गेट के पास एक ऑटो चालक हंगामा कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह उनसे उलझ गया। विवाद के दौरान धक्का-मुक्की हुई। पुलिस चालक को पकड़कर थाने लेकर आई थी। बाद में समझाइश देकर उसे छोड़ दिया गया।

अब अस्पताल के मुख्य द्वार पर हुए इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।