
मनेन्द्रगढ़: Chhattisgarh के मनेन्द्रगढ़ में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के सामने विधायक को लेकर की गई टिप्पणी अब भाजपा संगठन के भीतर बड़ा विवाद बन गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री मनोज साहू को पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पार्टी ने उनसे सात दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा है।
दरअसल, ग्राम कुशहा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मनोज साहू ने सार्वजनिक मंच से आरोप लगाया था कि क्षेत्रीय विधायक सोनहत क्षेत्र का दौरा नहीं करते। कार्यक्रम के बाद जब इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि यह ‘सुशासन तिहार’ का विषय नहीं है। मुख्यमंत्री की इस प्रतिक्रिया के बाद संगठन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
Bharatiya Janata Party के कोरिया जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी की ओर से जारी नोटिस में मनोज साहू से पूछा गया है कि सार्वजनिक मंच से पार्टी और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ बयान क्यों दिया गया। राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को भाजपा के भीतर अनुशासन और संगठनात्मक नियंत्रण से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, इस मामले के बाद जिले की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।