डोंगरगढ़। आज की सुबह डोंगरगढ़-मुरमुंदा मार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कार और स्कूटी के बीच जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहन आग की चपेट में आ गए। हादसा सुबह करीब 4 बजे का बताया जा रहा है। टक्कर के बाद कार में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में वह बुरी तरह जल गई। देखते ही देखते आग स्कूटी तक भी पहुंच गई, जिससे वह भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

टक्कर के बाद अचानक भड़की आग
बताया जा रहा है कि कार और स्कूटी के बीच भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि उसके बाद वाहन में आग लग गई। शुरुआती जानकारी में स्पार्किंग को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद घटनास्थल पर जले हुए वाहन और सड़क पर बिखरे अवशेष हादसे की गंभीरता बयां कर रहे थे।

मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए डोंगरगढ़ आ रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार में सवार लोग महाराष्ट्र के गोंदिया क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया गया है कि परिवार राजनांदगांव की तरफ से डोंगरगढ़ आ रहा था। उनका उद्देश्य मां बम्लेश्वरी के दर्शन करना बताया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वक्त कार में कुल कितने लोग मौजूद थे और हादसे के बाद वे कहां गए, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की ओर से भी इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।image-80-1024x611.jpg

कार पर दिखा MH35KR5879 नंबर
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार पर MH35KR5879 नंबर दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। नंबर के आधार पर वाहन महाराष्ट्र में पंजीकृत होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि कार किसके नाम पर दर्ज है और वाहन का मालिक कौन है, इसकी पुष्टि आधिकारिक रिकॉर्ड की जांच के बाद ही हो सकेगी।

स्कूटी को लेकर भी कई सवाल
घटनास्थल पर मिली जली हुई स्कूटी ने पुलिस की जांच को एक और दिशा दे दी है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे तक स्कूटी का मालिक मौके पर नहीं पहुंचा था। अब पुलिस वाहन के पंजीयन नंबर और अन्य माध्यमों से उसके मालिक की पहचान करने में जुटी है। जांच का अहम हिस्सा यह भी है कि दुर्घटना के समय स्कूटी कौन चला रहा था। इसके अलावा दोनों वाहन आमने-सामने कैसे आए, उनकी रफ्तार कितनी थी और टक्कर के तुरंत बाद आग किस कारण से फैली इन तमाम बिंदुओं को पुलिस खंगाल रही है।

हादसे में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं
फिलहाल, इस सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और संबंधित लोगों से जानकारी मिलने के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। डोंगरगढ़-मुरमुंदा मार्ग पर तड़के हुई इस घटना ने एक बार फिर रात के समय सड़क सुरक्षा, वाहनों की रफ्तार और दुर्घटना के बाद तत्काल राहत व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।