
दतिया : जिले के उपचुनाव में भाजपा की टिकट घोषणा के बाद बवाल शुरू हो गया हैं , देखते ही देखते आन्दोलन ने हिंसक रूप ले लिया हैं , जिसमे एसपी, एसडीओपी और एडिशनल एसपी समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गये हैं l पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने से नाराज उनके समर्थकों ने ऐसा विरोध प्रदर्शन किया, जिसका असर सिर्फ दतिया तक सीमित नहीं रहा l नेशनल हाईवे-44 पर करीब 11 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, चार जिलों की यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ और कई पुलिस अधिकारी घायल हो गए l बढ़ते विवाद के बीच अब खुद नरोत्तम मिश्रा सामने आए हैं और उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने तथा पार्टी के फैसले का सम्मान करने की अपील की है l
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया l उम्मीदवार के नाम की घोषणा होते ही नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों में नाराजगी फैल गई l विरोध प्रदर्शन करते हुए देखते ही देखते बड़ी संख्या में समर्थक सड़कों पर उतर आए l
नेशनल हाईवे पर लगा रहा 11 घंटे तक जाम
नाराज कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नेशनल हाईवे-44 पर चक्का जाम कर दिया, जिससे लगभग 11 घंटे तक यातायात बाधित रहा l जाम के कारण 22 से 25 किमी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं l इस दौरान कई बसें, निजी वाहन और एंबुलेंस भी फंस रह गए l
एसपी, एसडीओपी और एएसपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए
जिला प्रशासन ने पूरी रात प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया l अधिकारियों ने उनसे शांतिपूर्वक प्रदर्शन समाप्त करने और सड़क खाली करने की अपील की, लेकिन बातचीत से समाधान नहीं निकल सका l प्रशासन लगातार स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश करता रहा, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके l प्रशासन के अनुसार, देर रात कुछ प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी l हालात बेकाबू होते देख पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े l इसके बाद मौके पर तनाव और बढ़ गया तथा कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा l
हंगामे के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों को भी चोटें आईं l जानकारी के अनुसार एसपी ,एसडीओपी और एडिशनल एसपी समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हुए l जिला प्रशासन के अधिकारियों को भी चोट लगी, कई पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचने की भी सूचना है l
पुलिस के अनुसार, विरोध प्रदर्शन में तीन हजार से अधिक लोग शामिल थे l प्रदर्शनकारियों ने हाईवे जाम करने के साथ-साथ बाजार बंद कराने की भी कोशिश कीl प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए गए और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया गया l प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया हैं l
नरोत्तम मिश्रा ने की शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील
सार्वजनिक रूप से सामने आए डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों से संयम बरतने की अपील की l उन्होंने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है और किसी भी कार्यकर्ता को ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, जिससे संगठन की छवि को नुकसान पहुंचे l उन्होंने विशेष रूप से पेट्रोल या मिट्टी का तेल डालकर विरोध जैसी घटनाओं से दूर रहने की सलाह दी l
30 जुलाई को मतदान
दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी l इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा और मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी l