बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने मंगलवार को दुर्ग-गोंदिया-नागपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के जरिए निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल पटरियों, पुलों, समपारों और रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान सुरक्षित रेल परिचालन के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के साथ नागपुर मंडल के रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

गोंदिया स्टेशन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

महाप्रबंधक ने गोंदिया स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, स्वच्छता, यात्रियों के आवागमन, परिचालन व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों से मौजूदा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होंने यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके बाद महाप्रबंधक गोंदिया से विदर्भ एक्सप्रेस से नागपुर के लिए रवाना हुए। ट्रेन से यात्रा के दौरान उन्होंने गोंदिया-नागपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान रेल पटरियों और उनके आसपास की स्थिति, पुल, समपार और अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसंपत्तियों का जायजा लिया गया।

यात्री सुविधाओं को लेकर सुझाव और मांगों पर चर्चा

निरीक्षण के दौरान नागपुर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने महाप्रबंधक को मंडल में सुरक्षा और यात्री सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी दी। महाप्रबंधक ने जहां जरूरी हो, वहां सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। गोंदिया स्टेशन पर महाप्रबंधक ने रेल परामर्शदात्री सहयोग समिति के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने गोंदिया और आसपास के क्षेत्रों में रेल सेवाओं, यात्री सुविधाओं तथा यात्रियों की जरूरतों से जुड़े विभिन्न मुद्दे उनके सामने रखे। साथ ही मांग पत्र भी सौंपा गया। महाप्रबंधक ने सभी सुझावों को सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान रेलखंड की सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और परिचालन को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान रहा। अधिकारियों को रेल परिचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया।