
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके मासूम बेटे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में महिला और 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं है। वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना सुपेला थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी की है, जहां आरोपी महिला ने धारदार हथियार से निर्ममता की हदें पार कर दीं। जानकारी के मुताबिक, मृतिका पर करीब 18 बार और बच्चे पर 14 बार चाकू से वार किए गए। घटना के वक्त घर में मौजूद दोनों बेटियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई, एक ने बाथरूम में छिपकर खुद को सुरक्षित रखा, जबकि दूसरी ने बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला का परिवार से पहले से परिचय था और वह एक दिन पहले भी घर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया के जरिए उसका संपर्क आरक्षक से हुआ था, जिसके बाद यह विवादित संबंध सामने आया। घटना वाले दिन सुबह वह फिर घर पहुंची और कुछ ही समय में यह खूनी वारदात अंजाम दे दी।
घटना के दौरान मां ने अपनी बेटियों को बचाने की कोशिश करते हुए खुद हमलावर को रोकने का प्रयास किया, जिससे बच्चियों को भागने का मौका मिल सका। पड़ोसियों की तत्परता से आरोपी महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया और उसके पास से हथियार बरामद किया गया। इस बीच, घायल मां और बेटे को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है, जिसमें आपसी संबंध और संभावित कारण शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह एक जटिल और संवेदनशील मामला है, जिसकी तह तक पहुंचने के लिए विस्तृत पूछताछ और साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।