
सूरजपुर : जिले में सुबह नहाने निकले चार दोस्तों और एक नाबालिग के साथ ऐसा हादसा हुआ कि क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। नदी में नहाने के दौरान पांचों के गहरे पानी में चले जाने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दो युवकों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि दो अन्य युवकों और नाबालिग की तलाश जारी है।
नहाने गए थे पांचों, गहरे पानी में जाने की आशंका
जानकारी के अनुसार चारों दोस्त सूरजपुर के चंदरपुर इलाके में किराए के मकान में रहते थे। सुबह वे एक नाबालिग के साथ विश्रामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेड नदी घाट पर नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान सभी के गहरे पानी में चले जाने की आशंका जताई जा रही है। पानी की गहराई और तेज बहाव के बीच वे बाहर नहीं निकल सके। देखते ही देखते मामला गंभीर हो गया और नदी घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
दो शव बरामद, तीन की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम हरकत में आई। एसडीआरएफ को तत्काल मौके पर बुलाया गया। बचाव दल ने नदी में तलाश अभियान चलाते हुए दो युवकों के शव बरामद किए। वहीं, दो अन्य दोस्तों और नाबालिग का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
नदी घाट पर जुटी भीड़, परिजनों की बढ़ी चिंता
हादसे की खबर फैलते ही नदी घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। तीन लोगों की तलाश जारी रहने से घटनास्थल पर चिंता और बेचैनी का माहौल है। फिलहाल, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और पांचों गहरे पानी में कैसे पहुंचे, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई हैं।