धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। दो दिनों से लापता युवक का शव फुटहामुड़ा जंगल में मिलने के बाद ग्रामीणों और परिजनों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामला केरेगांव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

मृतक की पहचान माकरदोना गांव निवासी पुनुराम मंडावी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक पुनुराम दो दिन पहले घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार वालों ने अनहोनी की आशंका जताई और आसपास के इलाकों में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों को फुटहामुड़ा जंगल में युवक का शव दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। शुरुआती जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत हादसा, आत्महत्या या किसी साजिश का नतीजा है।

जिला अस्पताल के डॉक्टर राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया है और मेडिकल जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।