ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थकों ने रविवार को उनके गृह जिले गोपालगंज में जमकर हिंसक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए कई जगहों पर तोड़फोड़ और आगजनी की। इस दौरान पुलिस की एक बख्तरबंद गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि एक पुलिस चौकी में भी तोड़फोड़ की गई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर कई सड़कों पर कब्जा कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

अधिकारियों और स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शन में सैकड़ों लोग शामिल हुए थे। कई प्रदर्शनकारियों के हाथों में तलवारें, भाले और अन्य धारदार हथियार थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाया। हिंसा के दौरान 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना की सरकार गिरने की घटना की याद में बनाया गया स्मारक भी तोड़ दिया गया।

शेख हसीना की वापसी की चर्चा के बीच भड़की हिंसा

गोपालगंज को शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता है। यहां हुई हिंसा को बांग्लादेश में बढ़ते राजनीतिक तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, शेख हसीना की दिसंबर में बांग्लादेश वापसी को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। जुलाई से वह कई बार दिसंबर में स्वदेश लौटने की बात कह चुकी हैं।

गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए बड़े आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद उन्हें देश छोड़ना पड़ा और वह भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में रह रही हैं।

हिंसा के बाद अधिकारियों पर गिरी गाज, पुलिस और BGB तैनात

गोपालगंज में हिंसा की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। घटना के बाद जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को उनके पदों से हटा दिया गया। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवानों को तैनात किया गया है।

बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा है कि पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हिंसा रोकने तथा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तैयार हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की भी खबर है।

शेख हसीना को वापस लाने के लिए भारत से मांग

इस बीच शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर बांग्लादेश और भारत के बीच कूटनीतिक गतिविधियां भी तेज हैं। बांग्लादेश की अंतरिम और मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था की ओर से भारत से शेख हसीना को वापस भेजने की मांग की जाती रही है। इसके लिए दोनों देशों के बीच हुई प्रत्यर्पण संधि का हवाला दिया जा रहा है।

बांग्लादेश के कानून मंत्री मोहम्मद असदुज्जमान ने शनिवार को कहा कि शेख हसीना को वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब भारत को इस संबंध में फैसला लेना है।

वहीं, भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि प्रत्यर्पण का मामला कानूनी प्रक्रिया से जुड़ा है और इस पर कानून के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। भारत पहले ही बांग्लादेश से प्रत्यर्पण अनुरोध मिलने की पुष्टि कर चुका है।

नवंबर 2025 में सुनाई गई थी मौत की सजा

शेख हसीना की कानूनी मुश्किलें भी लगातार बढ़ी हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से जुड़े मामले में उन्हें दोषी ठहराया था। उनकी गैरमौजूदगी में मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में मौत की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, शेख हसीना ने आरोपों और मुकदमे को स्वीकार करने से इनकार किया है।

प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुलाई कैबिनेट बैठक

गोपालगंज हिंसा के बाद बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने रविवार को कैबिनेट बैठक बुलाई। उन्होंने अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी चर्चा की। अखबार प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक, BNP नेताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को इलाके में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।

गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, सरकार किसी भी कीमत पर हालात को और बिगड़ने नहीं देना चाहती। फिलहाल गोपालगंज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शेख हसीना की संभावित वापसी, प्रत्यर्पण विवाद और अवामी लीग समर्थकों के विरोध के बीच बांग्लादेश की राजनीति में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है।