
मरवाही। जंगल में खड़े चार विशालकाय हाथी... सामने उत्सुक लोगों की भीड़... और फिर शुरू हुआ ऐसा खतरनाक खेल, जो कभी भी बड़ी त्रासदी में बदल सकता था। मरवाही वन मंडल क्षेत्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने सभी को हैरान कर दिया है। वीडियो में ग्रामीण न सिर्फ हाथियों के बेहद करीब पहुंचते दिखाई दे रहे हैं, बल्कि कुछ लोग उन्हें पत्थर फेंककर उकसाने की कोशिश करते भी नजर आ रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि कुछ लोग हाथियों को नजदीक से देखने के लिए पेड़ों पर चढ़ गए, जबकि कई ग्रामीण झुंड से बेहद कम दूरी पर खड़े दिखाई दिए। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि हाथी सामान्य रूप से शांत दिखाई दें, फिर भी किसी भी क्षण आक्रामक हो सकते हैं। ऐसे में एक छोटी सी गलती जानलेवा साबित हो सकती है।
वायरल वीडियो ने वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस इलाके में हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा हो, वहां लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और जंगल में अनावश्यक प्रवेश से रोकने की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
फिलहाल, यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि किसी नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि यदि समय रहते जागरूकता नहीं बढ़ाई गई, तो भविष्य में ऐसी लापरवाही किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।