
जांजगीर-चांपा : हसदेव नदी के बैराज में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी के बीच एक युवक का शव तैरता दिखाई दिया। बैराज के पास पहुंचे ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया।
सुबह घूमने पहुंचे ग्रामीणों ने देखा शव
ग्राम कुदरी स्थित हसदेव नदी बैराज के पास बुधवार सुबह कुछ ग्रामीण घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में तैरती एक युवक के शव पर पड़ी। सरपंच पति आर के यादव के अनुसार ग्रामीणों ने पहले आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और फिर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
कपड़ों की तलाशी में भी नहीं मिला पहचान का सुराग
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली, लेकिन मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चांपा के बीडीएम अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल शव अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है।
पीली टी-शर्ट और काली पैंट से पहचान की कोशिश
मृतक की पहचान पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। युवक ने पीले रंग की टी-शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। पुलिस ने शव की तस्वीर आसपास के थानों के प्रभारियों को भेजी है। साथ ही संबंधित थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टो की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि किसी लापता व्यक्ति से शव का मिलान किया जा सके।
मौत कैसे हुई, जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने के बाद ही मामले का खुलासा होगा।
पहचान में मदद की अपील
चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति पीली टी-शर्ट और काली पैंट पहने इस युवक को पहचानता है या उसके लापता होने की जानकारी रखता है, तो तत्काल चांपा थाने को सूचना दे। पुलिस का कहना है कि आम लोगों से मिलने वाली जानकारी मृतक की पहचान तक पहुंचने में अहम साबित हो सकती है।