
नई दिल्ली/कानपुर। आईआईटी कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां बी.टेक साइबर सिक्योरिटी कोर्स में प्रवेश नहीं मिलने से नाराज एक छात्र ने संस्थान की वेबसाइट में कथित तौर पर सेंध लगा दी। वेबसाइट पर उसने संदेश छोड़ा "Site is Hacked, All I Need is Just a Fair Chance"। इस घटना के बाद जहां कानूनी कार्रवाई की उम्मीद की जा रही थी, वहीं संस्थान ने छात्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अलग रास्ता चुना और उसे C3iHub में इंटर्नशिप के लिए विचार करने का फैसला किया।
वेबसाइट हैक कर सोशल मीडिया पर शेयर किया स्क्रीनशॉट
घटना के बाद छात्र ने कथित तौर पर X (पूर्व में Twitter) और Reddit पर वेबसाइट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए दावा किया कि उसने अपनी साइबर सिक्योरिटी क्षमता साबित करने के लिए यह कदम उठाया। उसने संस्थान से खुद को एक निष्पक्ष अवसर देने की अपील भी की।
IIT निदेशक बोले- भविष्य बर्बाद नहीं करना चाहते
आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने कहा कि बी.टेक साइबर सिक्योरिटी कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी और नियमों के तहत अब दाखिला संभव नहीं था। हालांकि, संस्थान छात्र का भविष्य खराब नहीं करना चाहता, इसलिए उसे C3iHub में इंटर्नशिप का अवसर देने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र अगले शैक्षणिक सत्र में दोबारा प्रवेश के लिए आवेदन कर सकता है।
हैकथॉन में नहीं दिखा पाया था प्रदर्शन
प्रो. अग्रवाल के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया के दौरान आयोजित हैकथॉन में उम्मीदवारों को अपनी तकनीकी क्षमता दिखाने का अवसर दिया गया था, लेकिन संबंधित छात्र वहां अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया। इसके बाद उसने कथित तौर पर वेबसाइट में सेंध लगाकर अपनी साइबर विशेषज्ञता साबित करने की कोशिश की।
FIR की जगह मिला दूसरा मौका
संस्थान के अनुसार, शुरुआत में इस मामले में FIR दर्ज कराने का सुझाव सामने आया था। हालांकि, छात्र की तकनीकी क्षमता और उसके इरादों का मूल्यांकन करने के बाद संस्थान ने उसे दंडित करने के बजाय मार्गदर्शन देने का फैसला किया। IIT कानपुर ने बताया कि इससे पहले भी साइबर सुरक्षा से जुड़ी कमजोरियां उजागर करने वाले शोधकर्ताओं को C3iHub में अवसर दिए जा चुके हैं।
युवाओं के लिए दिया बड़ा संदेश
प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने कहा कि साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में प्रतिभाशाली युवाओं का संस्थान हमेशा स्वागत करता है, लेकिन अपनी क्षमता साबित करने का रास्ता हमेशा कानूनी और नैतिक होना चाहिए। उन्होंने इच्छुक उम्मीदवारों से C3iHub में इंटर्नशिप या नौकरी के लिए अपना CV भेजने की भी अपील की।