इंदौर। राऊ इलाके में आज दोपहर एक तेज रफ्तार इनोवा ने सड़क पर ऐसा कहर बरपाया कि कुछ ही पलों में कई लोग घायल हो गए है। श्रमिक कॉलोनी के पास हुए हादसे में कार ने चार दोपहिया वाहनों और एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों के घायल होने की जानकारी है, जिनमें एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार काफी तेज रफ्तार में थी। बताया जा रहा है कि वाहन की रफ्तार करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे थी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह और वाहन की गति की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

पहले दोपहिया वाहनों को मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि इनोवा ने सबसे पहले एक एक्टिवा को टक्कर मारी। इसके बाद कार की चपेट में तीन अन्य बाइक भी आ गईं। हादसे के बाद स्थिति और गंभीर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार चालक ने मौके से निकलने की कोशिश की, जिसके दौरान घायल लोग करीब 200 फीट तक घिसटते चले गए।हादसे में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

ट्रैक्टर से भिड़ी बेकाबू कार
दोपहिया वाहनों को टक्कर मारने के बाद इनोवा सामने से आ रहे ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर पलट गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एंबुलेंस नहीं मिली तो FRV बनी सहारा
हादसे की सूचना मिलते ही एसीपी निधि सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की जरूरत थी, लेकिन मौके पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने अपनी FRV (First Response Vehicle) की मदद से घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। हादसे में राजपाल सिंह, भगत सिंह, पवन, मुस्तफा समेत पांच लोगों के घायल होने की जानकारी है। एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई।

इनोवा जब्त, ड्राइवर हिरासत में
पुलिस ने हादसे में शामिल इनोवा को जब्त कर लिया है। ड्राइवर अमन को हिरासत में लेकर राऊ थाने ले जाया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। तेज रफ्तार, टक्कर के बाद वाहन चलाने की स्थिति और हादसे के दौरान चालक की भूमिका समेत तमाम पहलुओं की जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

सवालों के घेरे में सड़क सुरक्षा
एक ही हादसे में पांच वाहनों के क्षतिग्रस्त होने और कई लोगों के घायल होने की घटना ने इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। वहीं, हादसे के वक्त एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा भी चर्चा में है। जांच के साथ अब इनोवा चालक के खिलाफ कार्रवाई और घायलों की स्थिति पर नजर बनी हुई है।