बिलासपुर : सोशल मीडिया पर धारदार चाकू दिखाकर वीडियो बनाने और लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाले युवक को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बटनदार चाकू जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

18 सितंबर को रतनपुर थाना में सूचना मिली थी कि बड़ीबाजार क्षेत्र में एक युवक बटनदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। युवक चाकू दिखाते हुए वीडियो बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट कर रहा था। इससे क्षेत्र में लोगों के बीच भय का माहौल बन रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने नूतन चौक बड़ीबाजार के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया।

आर्म्स एक्ट के तहत हुआ मामला दर्ज

पुलिस रतनपुर बड़ीबाजार निवासी निजाम अली उर्फ अश्शू (21), पिता रजब अली को चाकू सहित थाने लेकर पहुंची। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।