
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां शराब के नशे में एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आरोपी का गुस्सा यहीं नहीं थमा। मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची बहन पर भी उसने लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
खाना नहीं मिलने पर मां से हुआ विवाद
पूरा मामला जशपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली इलाके का है। मृतका की पहचान वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है। आरोपी रोशन मिंज शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है।
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर की रात आरोपी अपने दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद घर पहुंचा था। घर पहुंचते ही उसने अपनी मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने की बात को लेकर मां और बेटे के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अपना आपा खो बैठा और मां पर जानलेवा हमला कर दिया।
चूल्हे के पास रखी अधजली लकड़ी से किया हमला
गुस्से में आरोपी ने घर के चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे को उठा लिया और मां वेनेदिक्ता कुजूर पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। उसने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई बार हमला किया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इस दौरान आरोपी की बहन घर में सो रही थी। मां की चीख-पुकार सुनकर वह उन्हें बचाने के लिए पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी अपने छोटे भाई के पास पहुंचा और खाना नहीं बचाकर रखने की बात को लेकर उसे भी धमकाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
मां और बहन पर हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और जुरगुम की ओर चला गया। घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
अगले दिन 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे मृतका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचे और पत्नी से घटना के संबंध में जानकारी ली। इसी बीच वह अपनी बेटी की दवाई लेने घर चले गए। जब दोबारा अस्पताल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा
पत्नी की मौत के बाद सुरेंद्र मिंज की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। वहीं, आरोपी की तलाश के लिए कार्रवाई तेज की गई।
पुलिस ने 9 नवंबर को आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शराब पीकर घर आने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजले लकड़ी के डंडे को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
एसएसपी ने कही सख्त कार्रवाई की बात
जशपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के अनुसार, अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
शराब के नशे और मामूली घरेलू विवाद में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस मां ने बेटे को जन्म दिया और उसका पालन-पोषण किया, उसी बेटे के हाथों उसकी दर्दनाक मौत हो गई।