
बिलासपुर में पदस्थ अधीक्षण अभियंता और एमआईएस प्रकोष्ठ प्रभारी पर अधिकारियों-ठेकेदारों पर दबाव बनाने के आरोप, प्रमुख अभियंता की भूमिका और पारदर्शिता की छानबीन की मांग...
रायपुर। प्रदेश सरकार सुशासन का दावा कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री के प्रभार वाले जल संसाधन विभाग में कथित वसूली के आरोप सामने आए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, अधीक्षण अभियंता संजय पाठक मुख्यमंत्री और विभाग के सचिव के नाम का हवाला देकर मैदानी अधिकारियों व ठेकेदारों से रकम वसूल रहे हैं। सुशासन के दावों के बीच ऊपर के नाम से नीचे का यह कथित इंतजाम विभाग की कार्यप्रणाली पर संदेह पैदा कर रहा है।
बिलासपुर में पदस्थापना, रायपुर तक एमआईएस की कमान...
संजय पाठक जल संसाधन विभाग के विद्युत यांत्रिकी मंडल, बिलासपुर में अधीक्षण अभियंता के पद पर पदस्थ हैं। उनके पास अधीक्षण अभियंता, एमआईएस प्रकोष्ठ का अतिरिक्त प्रभार भी है।
मूल पदस्थापना बिलासपुर में होने के बावजूद राज्य स्तर के एमआईएस प्रकोष्ठ की कमान उन्हीं के हाथ में है। सूत्रों का कहना है कि इसी दोहरे प्रभार से मैदानी अधिकारियों और ठेकेदारों पर उनका प्रभाव बना हुआ है। विभाग के भीतर अब यही पूछा जा रहा है कि आखिर संजय पाठक कौन हैं, जिनके नाम से पूरा अमला दबाव में बताया जा रहा है।
टेंडर की चाबी भी वहीं, एमआईएस की अड़चन भी वहीं...
सूत्रों के मुताबिक, विभाग के प्रमुख अभियंता जितेंद्र नेताम की भूमिका पर भी कई प्रश्न हैं। आरोप है कि वे कार्यपालन अभियंताओं पर लगातार दबाव बना रहे हैं कि वे संजय पाठक से संपर्क करें और टेंडर पास कराने के एवज में पैसों का हिसाब-किताब कर रकम तत्काल दें।
ऐसा न करने पर उन संभागों का भुगतान और आवंटन रोक देने की चेतावनी दी जाती है। कुछ कार्यपालन अभियंताओं ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर इन बातों की पुष्टि की है।
व्यवस्था की विचित्रता एमआईएस प्रकोष्ठ के कामकाज में दिखती है। सूत्रों बताते है कि जो अधिकारी हिसाब नहीं करते या पैसा नहीं देते, उनकी एमआईएस से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान नहीं किया जाता। काम में टालमटोल किया जाता है और उन्हें बार-बार चक्कर कटवाया जाता है। ऑनलाइन व्यवस्था के इस दौर में पोर्टल की रफ्तार भी कथित तौर पर ऑफलाइन हिसाब से बंधी बताई जा रही है।
बिलासपुर में वसूली, कार से रायपुर तक नकदी लाने का दावा...
सूत्रों का कहना है कि संजय पाठक बिलासपुर में रकम इकट्ठा करते हैं और उसे अपनी कार से बेरोकटोक रायपुर लाते हैं। आरोप है कि नया रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय में बैठकर भी अधिकारियों को बुलाया जाता है और उनसे वसूली की जाती है।
सूत्रों का दावा है कि यदि जांच एजेंसियां संजय पाठक के वाहन की तलाशी लें, तो बड़ी मात्रा में नकदी मिल सकती है। सूत्रों के अनुसार, यह जांच नया रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय से रायपुर स्थित उनके घर निकलते समय, या बिलासपुर स्थित आवास से रायपुर आते समय की जा सकती है।
दो और अधिकारियों के नाम चर्चा में
सूत्रों के मुताबिक, इस कथित वसूली में दो और अधिकारियों के नाम लिए जा रहे हैं:
- ललित राउटे, कार्यपालन अभियंता, जल प्रबंध संभाग क्रमांक-1
- संतोष साहू, अधीक्षण अभियंता, महानदी मंडल, रायपुर
आरोप है कि ये दोनों अधिकारी भी संजय पाठक के साथ मिलकर वसूली में सहयोग कर रहे हैं।
भुगतान रुकने के डर से विभाग में खामोशी.....
विभागीय सूत्र बताते हैं कि इस दबाव के कारण मैदानी अधिकारी और ठेकेदार परेशान हैं। भुगतान और आवंटन रुकने के डर से कोई भी खुलकर सामने नहीं आ रहा। विभाग में ऊपर से खामोशी है, लेकिन भीतर असंतोष पनप रहा है। सूत्रों का कहना है कि विभाग में अफसरशाही इस तरह हावी है कि मुख्यमंत्री और सचिव के नाम का इस्तेमाल बिना किसी हिचक के किया जा रहा है।
छवि, जवाबदेही और निष्पक्ष छानबीन की मांग...
जानकारों का कहना है कि यदि ये आरोप सही हैं, तो बात केवल विभागीय भ्रष्टाचार तक सीमित नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री की छवि साफ-सुथरी मानी जाती है। उन्हीं के विभाग में उनके नाम पर वसूली के आरोप सीधे उस छवि को नुकसान पहुंचाते हैं।
विभाग से जुड़े लोगों ने जल संसाधन विभाग के सचिव से संज्ञान लेकर निष्पक्ष छानबीन कराने की मांग की है। क्या विभागीय स्तर पर अतिरिक्त प्रभार की व्यवस्था, कथित वसूली और नकदी के स्रोतों का सत्यापन होगा? मांग की गई है कि जांच में आरोप सही मिलने पर दोषी अधिकारियों पर तत्काल और ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।...
पक्ष जानने का प्रयास....
इन आरोपों पर प्रमुख अभियंता जितेंद्र नेताम का पक्ष जानने के लिए उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।