
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम सामने आया है, जब मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। बेंगलुरु स्थित सीएम आवास पर हुई अहम बैठक के बाद उन्होंने कैबिनेट सहयोगियों को अपने फैसले की जानकारी दी। राजनीतिक गलियारों में अब यह चर्चा तेज हो गई है कि कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार राज्य के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सुबह आयोजित ब्रेकफास्ट मीटिंग में सिद्दरमैया ने साफ संकेत दिए कि वह दोपहर बाद पद छोड़ देंगे। बताया जा रहा है कि पार्टी आलाकमान की ओर से नेतृत्व परिवर्तन का संदेश मिलने के बाद यह फैसला लिया गया। हालांकि, राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात को लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
कांग्रेस नेतृत्व ने पिछले दो दिनों में दिल्ली में कई दौर की बैठकें की थीं। इन बैठकों में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। माना जा रहा है कि इन्हीं बैठकों में कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन को लेकर अंतिम रणनीति तैयार की गई।
राजनीतिक घटनाक्रम के बीच सामने आई तस्वीरों ने भी हलचल बढ़ा दी है। एक तस्वीर में सिद्दरमैया भावुक नजर आए डीके शिवकुमार को गले लगाते दिखे, जबकि दूसरी तस्वीर में शिवकुमार उन्हें सम्मान देते हुए उनके पैर छूते नजर आए। इन तस्वीरों को सत्ता हस्तांतरण के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
हालांकि कांग्रेस की ओर से अब तक औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मीडिया से अटकलें न लगाने की अपील करते हुए कहा कि विधायक दल की कोई आधिकारिक बैठक फिलहाल नहीं बुलाई गई है। बावजूद इसके, कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री को लेकर सियासी हलचल अपने चरम पर पहुंच गई है।