
बिलासपुर l जिले के तखतपुर क्षेत्र स्थित कुरेली 33/11 केवी उपकेंद्र के भीतर हुए दर्दनाक हादसे में नया मोड़ आ गया है। 32 वर्षीय युवा ऑपरेटर अमन साहू की करंट की चपेट में आने से मौत के मामले में सकरी के कार्यपालन यंत्री मिलिंद पाण्डेय ने पत्र लिखकर लिखित में पूरी माना है कि पूरी गलती विभाग की है।उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि मृतक अमन साहू आउट सोर्सिग के माध्यम से कुरेली सब स्टेशन में ऑपरेटर के पद काम कर रहा था। घटना के दिन वह नाईट ड्यूटी पर तैनात था। अगली सुबह ड्यूटी बदलने के लिए दूसरा ऑपरेटर वहां पहुंचा। उसने अमन को कार्यालय के अंदर अचेत हालत में पड़ा देखा। जिसे देखकर ड्यूटी पर पहुचे आपरेटर के होश उड़ गए l जिसके बाद आनन फानन में विभाग के वरिस्थ अधिकारियो को मामले की सुचना दी गई l अमन को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने अमन साहू को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उपकेंद्र में जमकर हंगामा हुआ। जोखिम भरे काम में सुरक्षा उपकरण उपलब्ध न कराने पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। विवाद बढ़ा तो मौके पर पहुंचे कार्यपालन यंत्री मिलिंद पाण्डेय को ग्रामीणों ने जमकर पीटा l
घटना के दो दिन बाद कार्यपालन यंत्री मिलिंद पाण्डेय का पत्र आया सामने .....
बता दें कि इस ह्रदय विदारक घटना के दो दिन बाद अब कार्यपालन यंत्री सकरी मिलिंद पाण्डेय का पत्र सामने आने के बाद पुरे विभाग में हडकंप मच गया है l उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि मैं सुबह 10 बजे मुझे घटना की सूचना मिली। जानकारी मिलने के बाद मैं १२ बजे सब स्टेशन पहुंचा। सुचना मिलने के समय मैं हाई कोर्ट के वकील मनोज परांजपे के पास था, जिसके कारण मुझे घटनास्थल पर आने में देरी हुई। मैंने हिर्री थाने में सूचना दी, किंतु टीआई साहब का फोन नहीं लगा।
कहा , करंट और सुरक्षा उपकरणों की कमी बनी मौत का कारण
अधिकारी ने घटनास्थल का मुआयना किया। देखने से पता चला कि डीसीबी के पास रिटर्निंग करंट आया था, जिसके कारण ऑपरेटर अमन की जान गई। अपने पत्र में उन्होंने स्वीकार किया कि सकरी में पदस्थ सहायक यंत्री लव माथुर और कनिष्ठ यंत्री दीप्ति जायसवाल द्वारा सुरक्षा सामग्री, जैसे गम बूट और दस्ताने नहीं दिए गए थे। उपकेंद्र में ये उपकरण मौजूद ही नहीं थे। ऑपरेटर ने जूता नहीं पहना था। इसी कारण से दुर्घटना घटित हुई । उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि मृत्यु की जिम्मेदारी विभाग लेता है। निरीक्षण के दौरान उनके साथ सहायक यंत्री माथुर, कनिष्ठ यंत्री दीप्ति जायसवाल और तकनीकी सहायक चेतनानंद दुबे भी मौजूद थे।
परिवार को मिलेगी नौकरी और बच्चों की पढ़ाई का खर्च
अपने पत्र में उन्होंने लिखा है कि मृतक अमन के परिवार को बीमा की रकम के साथ प्रतिमाह 10 हजार रुपये परिवार पेंशन मिलेगी। विभाग की ओर से चार लाख रुपये अतिरिक्त मुआवजा दिया जाएगा। मृतक अमन साहू की पत्नी श्रीमती आरती साहू को जीवन यापन के लिए विभाग में आउटसोर्स से नौकरी भी दी जाएगी और अमन की 4 वर्ष की बच्ची महक साहू और 2 माह के अन्य बच्चे की पढ़ाई की जिम्मेदारी विभाग उठाएगा।
मिलिंद पाण्डेय से मारपीट मामले में 7 ग्रामीण गिरफ्तार
घटना वाले दिन ऑपरेटर की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने सब स्टेशन में हंगामा करते हुए कार्यपालन यंत्री मिलिंद पाण्डेय के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की थी जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए ग्राम कुरेली निवासी दीपक कौशिक (27), शुभम कौशिक (27), सत्यम कौशिक (30), उमाशंकर कौशिक (28), आयुष कौशिक (24), ओमप्रकाश कौशिक (32) और ललित कुमार कौशिक (24) शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की थी l