
कवर्धा। छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती में सेकंड लिस्ट जारी करने और 1600 रिक्त पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन अब तेज होता जा रहा है। कवर्धा में पिछले तीन दिनों से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों और उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा के बीच बातचीत के दौरान तीखी बहस की स्थिति बन गई। मंत्री की ओर से आश्वासन मिलने के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
तीन दिन से जारी प्रदर्शन, मांगों पर अड़े अभ्यर्थी
पुलिस भर्ती के अभ्यर्थी लंबे समय से दूसरी सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। इसी के साथ उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में खाली पड़े 1600 पदों को भी शामिल किया जाए। इन्हीं मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने कवर्धा में आंदोलन शुरू किया, जो तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केवल आश्वासन से अब बात नहीं बनेगी, उन्हें सरकार की ओर से स्पष्ट और ठोस निर्णय चाहिए।
गृह मंत्री पहुंचे तो आमने-सामने हुई बातचीत
आंदोलन के बीच गृह मंत्री विजय शर्मा अभ्यर्थियों से बातचीत करने पहुंचे। अभ्यर्थियों ने उनके सामने भर्ती की दूसरी सूची और रिक्त पदों को लेकर अपनी बात रखी। बातचीत के दौरान माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच बहस की स्थिति बन गई। गृह मंत्री ने अभ्यर्थियों को उनकी मांगों पर आश्वस्त करने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपने रुख पर कायम रहे।
रात में गृह मंत्री के कार्यालय का घेराव
मंत्री से बातचीत के बाद भी जब अभ्यर्थी संतुष्ट नहीं हुए तो देर रात बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी गृह मंत्री के कार्यालय पहुंच गए। अभ्यर्थियों ने कार्यालय के गेट के सामने बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ प्रदर्शनकारी सड़क पर लेटकर भी विरोध जताते नजर आए। प्रदर्शन के दौरान बाजे-गाजे का भी इस्तेमाल किया गया और देर रात तक कार्यालय के बाहर माहौल गरमाया रहा।
‘CM खुद आएं और हमसे बात करें’
आंदोलनकारियों की अब प्रमुख मांग है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद कवर्धा पहुंचकर अभ्यर्थियों से सीधे बातचीत करें। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर लगातार सरकार के सामने पक्ष रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है। उनका कहना है कि सेकंड लिस्ट जारी होने और 1600 रिक्त पदों पर भर्ती को लेकर स्पष्ट फैसला होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यालय में फंसा रहा गृह मंत्री का वाहन
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस वक्त और तनावपूर्ण हो गई, जब गृह मंत्री का वाहन और कुछ कार्यकर्ता कार्यालय परिसर के भीतर ही रह गए। प्रदर्शनकारियों की भीड़ के कारण वाहन को बाहर निकलने में परेशानी हुई। बाद में विजय शर्मा दूसरे वाहन से कार्यालय से रवाना होकर अपने घर पहुंचे। हालांकि, अभ्यर्थियों का प्रदर्शन इसके बाद भी जारी रहा और वे कार्यालय के गेट के बाहर डटे रहे।
अब सरकार के अगले कदम पर नजर
पुलिस भर्ती को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है। अभ्यर्थी जहां रिक्त पदों को भर्ती में शामिल करने और दूसरी सूची जारी करने की मांग कर रहे हैं, वहीं सरकार की ओर से पहले ही आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है। अब सवाल यह है कि क्या सरकार अभ्यर्थियों की मांगों पर जल्द कोई ठोस फैसला लेगी या कवर्धा में चल रहा यह आंदोलन और लंबा खिंचेगा?