सौरभ चंद्राकर से अलग बैरक में रखा गया, सीबीआई भी करेगी पूछताछ; जनवरी में रवि उप्पल को भारत लाने की तैयारी

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में दिल्ली के लीगल लाइजनर हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक को कोर्ट ने 10 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। ईडी ने रिमांड अवधि खत्म होने पर शनिवार को हिमांशु को अदालत में पेश किया था। इस मामले में सीबीआई भी हिमांशु से पूछताछ करेगी।

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने ईडी की कार्यवाही पर आपत्ति जताई। बचाव पक्ष का कहना था कि कथित 15 करोड़ रुपए के लेनदेन का कोई साक्ष्य कोर्ट में पेश नहीं किया गया है। इस रकम से संबंधित दस्तावेज और ब्योरा भी अदालत के सामने नहीं दिखाया गया। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कोर्ट ने हिमांशु को जेल भेजने का आदेश दे दिया।

सौरभ से अलग बैरक, अक्टूबर 2023 में हुआ था संपर्क

जेल में महादेव एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और हिमांशु को अलग-अलग बैरक में रखा गया है, ताकि दोनों आपस में बातचीत न कर सकें। मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किए गए हिमांशु के बारे में ईडी का दावा है कि वह एक लीगल कंपनी में काम करता था और अक्टूबर 2023 में सौरभ के संपर्क में आया था।

जनवरी में रवि उप्पल को लाने की तैयारी, विदेश में 6 वांटेड आरोपी

मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को भारत लाने के बाद अब अगली बारी दूसरे प्रमोटर रवि उप्पल की है। रवि उप्पल को जनवरी में भारत लाने की तैयारी चल रही है। सौरभ और रवि, दोनों को ही महादेव सट्टे का नेटवर्क खड़ा करने और उसका विस्तार करने का मुख्य सूत्रधार माना जाता है।

लगातार हो रही धरपकड़ के बीच चर्चा है कि 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले विदेश में मौजूद अधिकांश वांटेड आरोपियों को भारत लाया जा सकता है। इनमें शुभम सोनी, अनिल अग्रवाल उर्फ अतुल, विशाल आहूजा, विकास छारिया और हरिशंकर टिबरेवाल समेत अन्य आरोपी शामिल हैं। जांच एजेंसियां इनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट और रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया में जुटी हैं। विदेश में बैठे इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल की मदद से प्रयास किए जा रहे हैं।

दुबई से स्काई एक्सचेंज चला रहा हरिशंकर, भाई और साझेदार जमानत पर

जांच एजेंसी की पड़ताल के मुताबिक, मूलतः कोलकाता का कारोबारी हरिशंकर टिबरेवाल कई शेल कंपनियों के जरिए सट्टे की अवैध कमाई को वैध बनाने का काम करता था। एजेंसी की दबिश के बाद वह दुबई चला गया और तब से भारत लौटा ही नहीं। वह दुबई से ही स्काई एक्सचेंज का संचालन कर रहा है।

एजेंसी के मुताबिक, पहले वह इस नेटवर्क में हवाला और विदेशी पोर्टफोलियो निवेश का प्रमुख रणनीतिकार था। अब उसकी जिम्मेदारी बढ़ गई है और उसे तकनीकी मामलों की भी जानकारी है। विकास छापरिया उसका साझेदार है। एजेंसी ने इससे पहले हरिशंकर के चचेरे भाई नितिन टिबरेवाल और कारोबारी साझेदार सूरज चोखानी को गिरफ्तार किया था। दोनों फिलहाल जमानत पर हैं और विदेशी पोर्टफोलियो निवेश के कारोबार से जुड़े हैं।