.jpg)
कोरबा : मिठाई और पकवानों के स्वाद के पीछे अगर स्वच्छता से समझौते का सवाल खड़ा हो जाए तो मामला गंभीर हो जाता है। कोरबा के निहारिका स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ऐसा ही मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर दुकान में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को बाथरूम के फर्श पर धोते हुए दिखाया गया है। वीडियो सामने आते ही दुकान की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगो को संदेह होने लगा हैं।
बताया जा रहा है कि एक ग्राहक ने बाथरूम में बर्तन धुलते देख पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने कर्मचारियों से इस बारे में सवाल भी किया। कर्मचारियों की ओर से बताया गया कि तकनीकी परेशानी के कारण इमरजेंसी में बर्तन वहां धुलवाए जा रहे थे। हालांकि, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
वीडियो वायरल के बाद स्वच्छता मानकों की जांच की मांग
वायरल वीडियो में बाथरूम के अंदर फर्श पर बर्तन धोते हुए कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं। ग्राहक द्वारा वीडियो बनाए जाने के बाद यह सोशल मीडिया पर पहुंचा और देखते ही देखते लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने सिर्फ इसी प्रतिष्ठान की नहीं, बल्कि शहर के अन्य होटल, ढाबों और मिठाई दुकानों में भी खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की जांच कराने की मांग की है।
खाद्य विभाग ने लिया संज्ञान, नोटिस की तैयारी
वायरल वीडियो के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि वीडियो के आधार पर प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच की जाएगी। अधिकारी के अनुसार, यदि जांच में वीडियो में दिखाई गई स्थिति सही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य है और बाथरूम जैसी जगह पर खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की धुलाई किए जाने की स्थिति की जांच की जाएगी।
सक्ती में भी आया था ऐसा मामला
छत्तीसगढ़ में बर्तनों की सफाई को लेकर विवाद का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले सक्ती जिले में भी एक ढाबे के जेंट्स टॉयलेट के अंदर बर्तन धोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। शिकायत के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर ढाबे का खाद्य लाइसेंस सस्पेंड कर दिया था।
अब कोरबा में सामने आए इस वीडियो के बाद निगाहें खाद्य विभाग की जांच पर टिकी हैं। वीडियो में दिखाई गई स्थिति वास्तव में क्या थी और क्या वहां खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ, इसका खुलासा विभाग की जांच के बाद ही होगा। फिलहाल एक ग्राहक के कैमरे से शुरू हुई यह कहानी सोशल मीडिया से होते हुए खाद्य विभाग की चौखट तक पहुंच गई है।
