
बिलासपुर : सरकंडा के अशोक नगर स्थित अटल आवास में हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एक युवक की हत्या के बाद मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में घायल दो अन्य आरोपियों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है। ठंड से बचने के लिए जलाने वाली लकड़ी तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच धारदार हथियार चल गए और मयंक ध्रुव की जान चली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
हत्या के मामले में दो गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या के प्रकरण में अशोक नगर अटल आवास निवासी विकास उर्फ भोलू उर्फ तलवार (23) और गोपाल सोनी (19) को गिरफ्तार किया है। दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। वहीं, मामले में घायल दो अन्य आरोपी सिम्स में भर्ती हैं। पुलिस का कहना है कि उनके स्वस्थ होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध
घटना में श्रवण ध्रुव की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1691/2026 दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चार लोगों ने एकराय होकर मारपीट की और आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी ने मयंक ध्रुव पर धारदार हथियार से सीने, पेट और पीठ में कई वार किए। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए मयंक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष से विकास मानिकपुरी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1692/2026 दर्ज किया गया है। इसमें श्रवण ध्रुव और मयंक ध्रुव पर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया गया है। इस हमले में विकास मानिकपुरी, आर्यन दास मानिकपुरी और सुदामा साहू के घायल होने की बात सामने आई है।
मामूली विवाद से हत्या तक पहुंचा मामला
17 नवंबर की रात करीब 10 से 10:30 बजे अटल आवास के डी-ब्लॉक की छत पर जलाने के लिए लकड़ी तोड़ी जा रही थी। इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्ष नीचे पहुंचे और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों तरफ से मारपीट हुई और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।