जांजगीर-चांपा : सोशल मीडिया पर अनजान चेहरे से दोस्ती करना और फिर उस पर भरोसा कर मिलने पहुंचना एक युवक को भारी पड़ गया। स्नैपचैट पर शुरू हुई बातचीत कब लूट की खौफनाक साजिश में बदल गई, युवक को इसका अंदाजा तक नहीं था। युवती ने पहले दोस्ती बढ़ाई, फिर मिलने के बहाने आधी रात को चांपा बुलाया। युवक तय जगह पर पहुंचा तो वहां पहले से तैयार बैठे बदमाशों ने उसे घेर लिया। कार से बाहर खींचकर बेरहमी से पिटाई की और चाकू की नोक पर 60 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आधी रात युवक को मिलने बुलाया

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनीष वर्मा का स्नैपचैट के जरिए जांजगीर-चांपा क्षेत्र की एक युवती से परिचय हुआ था। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। युवती लगातार युवक को चांपा मिलने के लिए बुला रही थी। आखिरकार 4 नवंबर को मनीष अपने एक दोस्त के साथ कार से चांपा पहुंच गया। युवती के कहने पर उसने अपने मित्र को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और खुद कार लेकर उससे मिलने आगे चला गया।

कार को घेरते ही चाकू लेकर टूट पड़े बदमाश

रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास युवक की कार पहुंचते ही छह युवक वहां आ धमके। आरोपियों ने चाकू दिखाकर मनीष को कार से बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से उसकी जमकर पिटाई की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने उसके पास रखे 60 हजार रुपये नकद और हाथ में पहनी सोने की अंगूठी लूट ली। मोबाइल भी अपने कब्जे में लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

युवती की भूमिका भी आई सामने, छह आरोपी सलाखों के पीछे

घटना के बाद पीड़ित सीधे थाना कोतवाली जांजगीर पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। मामले में युवती की भूमिका और अन्य आरोपियों के साथ उसकी मिलीभगत की आशंका सामने आई। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 115(2), 308(2), 111(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

युवती समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, 30 हजार नकद, मोबाइल और दो बाइक जब्त

मामले में जांजगीर पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12 निवासी अमित राठौर (21), हसदेव विहार कॉलोनी निवासी रवि झलरिया (24 वर्ष), थाना चांपा ग्राम महुदा निवासी किशन कर्ष (21 वर्ष), लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी निवासी कुनाल पाण्डेय (20 वर्ष), जोबी निवासी मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19 वर्ष) और जिला रायगढ़ क्षेत्र निवासी एक युवती को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नकद, मोबाइल और वारदात में शामिल आरोपियों से संबंधित दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। शेष लूटी गई रकम और अन्य सामान के संबंध में विवेचना जारी है।

पुलिस की अपील : अनजान दोस्ती में न करें भरोसे की जल्दबाजी

जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती और बातचीत करते समय सतर्क रहें। बिना पर्याप्त जानकारी और पहचान की पुष्टि किए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने न जाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।