बिलासपुर : जिले के रतनपुर में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लालपुर मोड़ स्थित पुल के नीचे ह्यूम पाइप के बीच लावारिस हालत में एक नवजात मिला। जब मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी तो लोगों ने आसपास तलाश की, जहां गंदगी और झाड़ियों के बीच ह्यूम पाइप में नवजात दिखाई दिया। लोगों ने तुरंत डायल 112 और रतनपुर पुलिस को इसकी सूचना दी।

गंदगी और झाड़ियों के बीच पड़ा मिला नवजात

सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी सावधानी से ह्यूम पाइप के बीच फंसे नवजात को बाहर निकाला। इसके बाद बच्चे को तत्काल रतनपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसकी प्रारंभिक जांच की।

बेहतर उपचार हेतु सिम्स रेफर

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच के बाद डॉक्टरों ने बेहतर उपचार और निगरानी के लिए नवजात को बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। अस्पताल में नवजात की लगातार निगरानी की जा रही है।

बच्चे को छोड़कर जाने वाले की तलाश जारी

घटना के बाद रतनपुर पुलिस ने अज्ञात माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया और वह किसी वाहन से आया था या नहीं।

स्वास्थ्य केंद्रों से भी जुटाई जा रही जानकारी

पुलिस आसपास के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों, निजी नर्सिंग होम और मितानिनों से पिछले कुछ दिनों में हुए प्रसव की जानकारी जुटा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस जानकारी के आधार पर नवजात के माता-पिता तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बच्चे को इस हालत में छोड़ने वाले की तलाश की जा रही है।