
जांजगीर-चांपा : जिले में तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत राछाभाटा गांव में एक गरीब आदिवासी परिवार का कच्चा मकान ढह गया। रहत की बात यह हैं कि मकान गिरने के संकेत मिलते ही परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए, जिसके कारण एक बड़ा हादसा होते होते बच गया । पीड़ित परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग की है।
छतीसगढ़ के सभी क्षेत्रों में तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही हैं l जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ क्षेत्र के राछाभाटा गांव में लगातार बारिश होने से एक गरीब आदिवासी परिवार बेघर हो गया हैं । बारिश के कारण मिट्टी से बना कच्चा मकान अचानक धड़ाम से गिर गया। बताया जा रहा है कि मकान गिरने से पहले परिवार के लोगों को खतरे का आभास हो गया था, जिसके बाद सभी सदस्य तुरंत बाहर निकल आए। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और परिवार के सभी लोग सुरक्षित हैं। हालांकि मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उनका घर वर्षों से कच्चा था, लेकिन कई बार आवेदन देने के बावजूद आज तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला। पीड़ित परिवार कहना है कि जरूरतमंद होने के बावजूद उन्हें योजना से वंचित रखा गया, जबकि पक्के मकानों वाले कई लोगों को आवास का लाभ मिल चुका है। अब पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता, रहने की वैकल्पिक व्यवस्था और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। वहीं प्रशासन की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।