रायपुर। छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) परिसर में 88 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से बनने वाले श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की आधारशिला रखी। इस अत्याधुनिक केंद्र के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को नई तकनीकों पर शोध करने, नवाचार विकसित करने और अपने स्टार्टअप शुरू करने के अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें आधुनिक संसाधन, बेहतर मार्गदर्शन और उचित अवसर उपलब्ध कराने की है। सरकार ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जिससे प्रदेश के युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए दूसरे महानगरों की ओर पलायन न करना पड़े। वे छत्तीसगढ़ में ही नए आविष्कार करें, उद्योग स्थापित करें और रोजगार देने वाले उद्यमी बनें।

रामदेव अग्रवाल के प्रयास की मुख्यमंत्री ने की सराहना

मुख्यमंत्री ने प्रख्यात उद्यमी रामदेव अग्रवाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ की धरती से निकलकर देश के उद्योग और वित्तीय जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। अपनी माता श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में इस केंद्र की स्थापना का संकल्प लेकर उन्होंने शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

इस परियोजना में मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन द्वारा 71 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

सात अत्याधुनिक लैब में होगी नई तकनीकों पर रिसर्च

एनआईटी रायपुर परिसर में लगभग 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले इस भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल करीब 12,307 वर्गमीटर होगा। बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और छह मंजिलों वाले इस भवन में सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।

इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स एवं कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन एवं साइबर सुरक्षा, थ्री-डी प्रिंटिंग, एआर-वीआर एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स तथा क्लीनटेक एवं सस्टेनेबिलिटी लैब शामिल हैं।

इसके अलावा स्टार्टअप इन्क्यूबेशन सेंटर, को-वर्किंग स्पेस, स्मार्ट क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस हॉल और प्रदर्शनी क्षेत्र भी विकसित किए जाएंगे। यहां युवाओं को अपने तकनीकी विचारों को प्रोटोटाइप और व्यावसायिक उत्पादों में बदलने के लिए विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा।

500 करोड़ के स्टार्टअप और एआई मिशन से युवाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके माध्यम से युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए पूंजी, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

वहीं मुख्यमंत्री एआई मिशन के तहत भी 500 करोड़ रुपये के निवेश का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत 100 एआई डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने की योजना है। प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाइयों की स्थापना और नवा रायपुर में एआई डेटा सेंटर पार्क विकसित करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।

विद्यार्थियों के स्टार्टअप मॉडल देखकर प्रभावित हुए मुख्यमंत्री

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एनआईटी रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा विकसित तकनीकी मॉडलों और स्टार्टअप का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने एआई आधारित कचरा प्रबंधन, दवाइयों की होम डिलीवरी, औद्योगिक उपकरणों में खराबी की पहचान और हेलमेट के जरिए सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे नवाचार प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का वास्तविक उद्देश्य आम लोगों के जीवन को आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने नवाचारों को केवल शैक्षणिक परियोजनाओं तक सीमित न रखकर सफल उद्यमों में बदलने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं तक भी आधुनिक तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस छत्तीसगढ़ को नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।