
पटना। खान ग्लोबल स्टडीज में हुए चर्चित बवाल मामले से जुड़ी एक सनसनीखेज खबर ने बिहार से लेकर नेपाल तक हलचल मचा दी है। जानकारी के अनुसार ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि प्रिंस यादव उस मामले में पुलिस की तलाश में था, जो खान सर की कोचिंग में तोड़फोड़ और हंगामे से जुड़ा हुआ था। हत्या की खबर सामने आते ही पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
सूत्रों के मुताबिक कोचिंग संस्थानों के विवाद के बाद दर्ज मामलों में पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी बीच प्रिंस यादव कथित तौर पर गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल चला गया था और एक गेस्ट हाउस में रह रहा था। वहीं अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी। इस वारदात के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या यह पुरानी रंजिश का मामला है, क्या फरारी के दौरान कोई नया विवाद हुआ, या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी वजह है? इन सवालों के जवाब अब जांच एजेंसियां तलाश कर रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके समेत संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। पीरबहोर और कदमकुआं थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। वहीं प्रिंस यादव के परिजन नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं।
गौरतलब है कि खान ग्लोबल स्टडीज में हुए बवाल के बाद यह मामला पहले ही सुर्खियों में था। अब इस हत्याकांड ने पूरे घटनाक्रम को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है। पुलिस नेपाल में हुई हत्या के हर पहलू की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे सामने आने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, एक बात साफ है कि कोचिंग विवाद से शुरू हुई कहानी अब अंतरराष्ट्रीय सीमा पार एक हत्या तक पहुंच चुकी है, जिसने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।