
बिलासपुर : तखतपुर क्षेत्र में एक युवक द्वारा फरसा लहराकर लोगो में दह्शत फ़ैलाने का मामला सामने आया हैं l पुलिस ने मुख्य मार्ग पर दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से फरसा जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम नवापारा जरौधा के मुख्य मार्ग पर एक युवक हाथ में धारदार फरसा लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस पेट्रोलिंग वाहन और स्टाफ के साथ मौके पर पहुंची।
मौके पर पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम नवापारा जरौधा निवासी सतकुमार खाण्डे (25) को पकड़ लिया। गवाहों की मौजूदगी में उसके कब्जे से धारदार फरसा बरामद किया गया। पुलिस द्वारा हथियार रखने के संबंध में लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए नोटिस देने पर आरोपी कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका।
पुलिस ने फरसा जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया तथा उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक गंगाधर कंवर तथा आरक्षक हरिश यादव, सत्यार्थ शर्मा, कलेश्वर यादव और संतोष पोर्ते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।